Gold-Silver Price: सोने-चांदी की कीमतों में आज भी आई गिरावट, क्या अब खरीदारी का है सही मौका?

Gold-Silver Rate: अमेरिकी डॉलर में मजबूती के चलते सोने-चांदी की कीमतों में बुधवार को गिरावट आई, जानिए आज का लेटेस्ट भाव

अपडेटेड Apr 27, 2022 पर 6:10 PM
Gold-Silver Price: MCX पर सोने की कीमत बुधवार को 81 रुपये गिरकर 51,503.00 रुपये प्रति 10 ग्राम रही

Gold-Silver Rate Today: सोने और चांदी की कीमतों में बुधवार को गिरावट आई है। यह गिरावट ऐसे समय में आई है जब बुधवाल को अमेरिकी डॉलर में मजबूती आई और अमेरिकी फेडरल रिजर्व अगले कुछ दिनों में नई मॉनिटरी पॉलिसी जारी करने वाला है। कोरोना लॉकडाउन के दबाव, बढ़ती महंगाई और भूराजनीतिक तनावों के चलते दुनिया भर के शेयर बाजारों में गिरावट देखी जा रही है।

हालांकि इसके बावजूद सोने की कीमतें गिर रही हैं। जबकि आमतौर पर शेयर बाजार में गिरावट आने पर निवेशक वहां से पैसे निकालकर सोने में निवेश करते हैं क्योंकि वे इस सुरक्षित विकल्प मानते हैं। हालांकि बुधवार को निवेशकों ने इसकी जगह सोने में मुनाफावसूली करने का विकल्प चुना।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने की कीमत बुधवार को 81 रुपये गिरकर 51,503.00 रुपये प्रति 10 ग्राम रही। हालांकि इस दौरान चांदी की कीमतों में जरूर कुछ उछाल देखने को मिली और इसका भाव 231 रुपये बढ़कर 65,199.00 रुपये प्रति किलो रहा।


यह भी पढें- Ruchi Soya के शेयरों में लगे पंख, FPO प्राइस से अब तक 72% बढ़ चुकी है कीमत, बाजार में गिरावट का नहीं कोई असर

हालांकि दिल्ली के सर्राफा बाजार में बुधवार को सोने और चांदी दोनों के दाम में गिरावट आई है। HDFC सिक्योरिटीज के मुताबिक दिल्ली में सोने की कीमत बुधवार को 258 रुपये गिरकर 51,233 रुपये प्रति 10 ग्राम रही, जबकि एक दिन पहले इसकी कीमत 51,491 रुपये प्रति 10 ग्राम था। इसी तरह चांदी का रेट बुधवार को 327 रुपये घटकर 64,618 रुपये प्रति किलोग्राम रहा, जो एक दिन पहले 64,945 रुपये प्रति किलो था।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में, सोने की कीमत बुधवार को 1,892 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस रही, जबकि चांदी की कीमत 23.36 रुपये प्रति औंस रही।

क्या आने वाले दिनों में बढ़ेगी सोने की कीमत?

एक्सपर्ट का कहना है अमेरिकी डॉलर में मजबूती सोने-चांदी की कीमतों को अधिक बढ़ने से रोके रखेगी। ICICI Securities ने एक नोट में कहा, "अमेरिकी डॉलर अपने दो साल के सबसे मजबूत स्तर है। इसके अलावा अमेरिकी फेडरल रिजर्व की तरफ से ब्याज दरों में बढ़ोतरी का अनुमान है। इससे सोने-चांदी की कीमतों में अधिक बढ़ोतरी की उम्मीद नहीं है।"

इस बीच IIFL सिक्योरिटीज ने सोने को लेकर अपने टेक्निकल आउटलुक में कहा, "सोने की कीमतें वापस अपने 55 दिनों के मूविंग एवरेज से नीचे आ गई हैं। इसमें और गिरावट की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।