Gold Rate : 52000 रुपये पहुंच सकता है सोने का भाव, जानिए क्यों

गोल्ड को निवेश का सबसे सुरक्षित जरिया माना जाता है। दुनिया में जब कभी राजनीतिक अस्थिरता की स्थिति पैदा होती है, सोने में तेजी देखने को मिलती है

अपडेटेड Feb 15, 2022 पर 2:29 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
एमसीएक्स पर सोने का भाव 51,000 से 52,000 रुपये के स्तर पर जल्द पहुंच सकता है। ग्लोबल मार्केट में इसका भाव 1,920 से 1,950 डॉलर प्रति औंस तक जा सकता है।

सोने (Gold) की चमक बढ़ गई है। मंगलवार को कमोडिटी एक्सचेंज एमसीएक्स (MCX) पर सोना 13 महीने की उंचाई 50,151 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। हालांकि, बाद में थोड़ी गिरावट के बाद यह 50,000 के स्तर से नीचे आ गया। गोल्ड के ग्लोबल प्राइसेज में भी तेजी का रुख है।

विदेश में सोने की कीमत बढ़कर 1,876.88 डॉलर प्रति औंस पहुंच गई है। यह पिछले साल 11 जून के बाद से सोने की सबसे ऊंची कीमत है। अमेरिका में गोल्ड फ्यूचर्स 0.5 फीसदी बढ़कर 1,879 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। सवाल है कि आगे सोने में कैसा रुख रहेगा। इंडिया में गोल्ड को इन्वेस्टमेंट का प्रमुख जरिया माना जाता है। सोना खरीदने की परंपरा रही है।

एक्सपर्ट्स का कहना है कि आने वाले दिनों में गोल्ड में तेजी का रुख बना रहेगा। इसकी वजह रूस और यूक्रेन के बीच तनाव है। दरअसल, गोल्ड को निवेश का सबसे सुरक्षित जरिया माना जाता है। दुनिया में जब कभी राजनीतिक अस्थिरता की स्थिति पैदा होती है, सोने में तेजी देखने को मिलती है।


आईआईएफएल सिक्योरिटीज के वीपी (रिसर्च) अनुज गुप्ता ने कहा, "एमसीएक्स पर सोने का भाव 51,000 से 52,000 रुपये के स्तर पर जल्द पहुंच सकता है। ग्लोबल मार्केट में इसका भाव 1,920 से 1,950 डॉलर प्रति औंस तक जा सकता है।" एसपीआई एसेट मैनेजमेंट के स्टीफन इनेस ने भी कहा है कि यूक्रेन संकट की वजह से सोने को सपोर्ट मिल रहा है।

इनेस ने कहा, "अगर यूक्रेन संकट का हल हो जाता है तो सोने में नरमी दिख सकती है।" पिछले कुछ समय से यूक्रेन और रूस के बीच तनाव की वजह से सोने में तेजी बनी हुई है। 31 जनवरी के बाद से स्पॉट सोने का भाव करीब 5 फीसदी चढ़ चुका है। अमेरिका में ट्रेजरी यील्ड में नरमी आई है, इससे भी गोल्ड को सपोर्ट मिला है।

सोने के हाजिर भाव में भी तेजी दिखी है। मंगलवार को सर्राफा बाजार में सोना 50 हजार और चांदी 64 हजार के पार पहुंच गए। सोने के भाव में मंगलवार को तेजी देखने को मिली। बुलियन मार्केट में सोने का भाव 50,300 रुपये के ऊपर कारोबार करता नजर आया। सोना 604 रुपये चढ़कर 50,356 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। मंगलवार को चांदी 64440 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुली।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।