Sovereign Gold Bond Scheme 2022-23: सरकार आज से सस्ता गोल्ड बेच रही है। अगर आप भी गोल्ड में इनवेस्ट करना चाहते हैं तो बाजार से सस्ते दाम पर गोल्ड खरीदने का शानदार मौका है। यह सॉवरेन गोल्ड स्कीम आज खुली है। इसमें आज 22 अगस्त से लेकर 26 अगस्त तक निवेश कर सकते हैं। अगर आप भी इस स्कीम में पैसा लगाना चाहते हैं तो इसके बारे में हर जरूरी बात जानिए।
जानिए क्या है गोल्ड का रेट?
सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड स्कीम में सोने का भाव 5,197 रुपए प्रति ग्राम तय की गई है। ऑनलाइन पेमेंट करने पर 50 रुपए प्रति ग्राम की छूट भी है। इस हिसाब से ऑनलाइन डिस्काउंट के बाद आपको एक ग्राम सोने के लिए 5,147 रुपए प्रति ग्राम चुकाना होगा।
कौन कर सकता है इस स्कीम में निवेश?
इस गोल्ड बॉन्ड स्कीम में इंडियन सिटीजन, HUF, ट्रस्ट्स, यूनिवर्सिटीज और चैरिटेबल इंस्टीट्यूशंस इनवेस्ट कर सकते हैं। इस स्कीम की अवधि 8 साल है। अगर आप पहले अपने पैसे निकालना चाहते हैं तो 5 साल पूरे होने के बाद निकाल सकते हैं।
कम से कम कितना निवेश कर सकते हैं?
इस स्कीम में कोई इनवेस्टर कम से कम एक ग्राम सोने में इनवेस्ट कर सकता है। छोटे इनवेस्टर के लिए इनवेस्टमेंट की अधिकतम सीमा 4 किलोग्राम होगी। HUF के लिए भी 4 किलोग्राम की अधिकतम सीमा तय है। ट्रस्ट और इस तरह की दूसरी संस्थाएं एक फाइनेंशियल ईयर में अधिकतम 20 किलोग्राम तक इनवेस्ट कर सकती हैं।
इनवेस्टर गोल्ड बॉन्ड का पेमेंट कैश, डिमांड ड्राफ्ट, चेक या डिजिटल माध्यम से कर सकते हैं। यह ध्यान में रखना होगा कि कैश से मैक्सिमम 20,000 रुपये तक का निवेश ही किया जा सकता है। इसका मतलब है कि अगर कोई इनवेस्टर ज्यादा इनवेस्ट करना चाहता है तो उसे निवेश के दूसरे माध्यम का इस्तेमाल करना होगा।
गोल्ड प्राइस बढ़ने के साथ इंटरेस्ट का भी फायदा
गोल्ड बॉन्ड स्कीम में निवेश करने पर इनवेस्टर को सालाना 2.5 फीसदी के फिक्स्ड रेट से इंटरेस्ट मिलेगा। इसका पेमेंट नॉमिनल वैल्यू पर हर छमाही किया जाएगा। सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड्स का इस्तेमाल लोन लेने के लिए बतौर कोलैटरल किया जा सकता है। इसके साथ ही बढ़ते वक्त के साथ गोल्ड की कीमतें भी बढ़ेंगी। तो अगर आप फिजिकल गोल्ड खरीदते हैं तो उस पर इंटरेस्ट नहीं मिलेगा जबकि सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड स्कीम में इंटरेस्ट का फायदा अलग से मिलेगा।
क्या यह स्कीम सुरक्षित है?
यह स्कीम सरकार की है। इसलिए यह पूरी तरह सुरक्षित है। इसमें निवेश को लेकर किसी तरह का रिस्क नहीं है। दूसरा, यह स्कीम आपको सोने में इलेक्ट्रॉनिक फॉर्म में निवेश की सुविधा देती है। फिजिकल गोल्ड की सुरक्षा एक बड़ी समस्या है। इसकी वजह यह है कि उसके चोरी होने का डर होता है। इस स्कीम में निवेश करने पर आपकी यह चिंता खत्म हो जाती है।