Gold Silver Rates Today : बुधवार 21 जनवरी को MCX पर सोने की कीमतें 4 फीसदी से ज्यादा भाग गई हैं। आज इसने एक नया रिकॉर्ड हाई बनाया है। इसकी वजह US-EU ट्रेड वॉर का डर, डॉलर की कमज़ोरी और मज़बूत रिटेल डिमांड है। 10.25 बजे के आसपास एमसीएक्स पर सोने का फरवरी वायदा 7,255 रुपए यानी 4.82 फीसदी की तेजी के साथ 157,090 रुपए पर नजर आ रहा था। वहीं, चांदी का मार्च वायदा 7,678 रुपए यानी 2.37 फीसदी की तेजी के साथ 332,090 रुपए पर ट्रेड कर रहा था।
इंटरनेशनल बाजार में भी सोने की कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई पर
इंटरनेशनल बाजार में भी सोने की कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गई हैं। अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स करीब 2 फीसदी बढ़कर 4,847.20 डॉलर प्रति ट्रॉय औंस पर नजर आ रहा है। अमेरिका और यूरोपियन यूनियन एक बड़े ट्रेड वॉर की कगार पर हैं, जिसके ग्लोबल इकॉनमी पर गंभीर नतीजे हो सकते हैं और शायद इससे NATO गठबंधन भी टूट सकता है।
अमेरिका-यूरोपियन यूनियन ट्रेड वॉर का डर बढ़ा
मीडिया में आई खबरों के मुताबिक यूरोपियन पार्लियामेंट जल्द ही जुलाई में हुए US ट्रेड डील की मंज़ूरी को सस्पेंड करने की घोषणा कर सकती है। न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि वह ग्रीनलैंड को हासिल करने की अपनी कोशिश से पीछे नहीं हटेंगे।
बता दें कि ट्रंप ने 1 फरवरी से आठ यूरोपीय देशों डेनमार्क, नॉर्वे, स्वीडन, फ्रांस, जर्मनी, यूनाइटेड किंगडम, नीदरलैंड और फिनलैंड पर 10% टैरिफ लगाने की घोषणा की है और धमकी दी है कि इस टैरिफ को 1 जून, 2026 से बढ़ाकर 25% कर दिया जाएगा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यूरोपीय देश एंटी-कोअर्सन इंस्ट्रूमेंट को एक्टिवेट करने पर विचार कर रहे हैं, जो एक ट्रेड डिफेंस मैकेनिज्म है जिसे विदेशी सरकारों के आर्थिक दबाव का मुकाबला करने के लिए डिज़ाइन किया गया है।
दूसरी कमोडिटीज की बात करें तो कॉपर का जनवरी कॉन्ट्रैक्ट 1.05 रुपए यानी 0.08 फीसदी की मामूली बढ़त के साथ 1,286.70 रुपए पर ट्रेड कर रहा था। वहीं,कच्चे तेल का फरवरी कॉन्ट्रैक्ट 38 रुपए यानी 0.69 फीसदी की कमजोरी के साथ 5,479 रुपए पर कारोबार कर रहा था। जबकि, नैचुरल गैस का जनवरी कॉन्ट्रैक्ट 14 रुपए यानी 3.99 फीसदी की तेजी के साथ 365 रुपए पर कारोबार कर रहा था।
सेफ-हेवन एसेट्स की मांग बढ़ी
अमेरिका और EU के बीच खींचतान से निवेशक घबराए हुए हैं, जिससे वे सोने जैसे सेफ-हेवन एसेट्स की ओर रुख कर रहे हैं। ट्रेडर्स और इंपोर्टर्स की बिकवाली की वजह से अमेरिकी डॉलर भी कमजोर हुआ है। इससे सोने की कीमत को भी सपोर्ट मिला है।
कमोडिटी में आज कहां होगी कमाई
कमोडिटी में कमाई वाले कॉल के लिए आज हमारे साथ हैं Kedia Commodity के अजय केडिया। इनको आज गोल्ड, सिल्वर और क्रूड ऑयल में कमाई के मौके नजर आ रहे हैं। इनकी एमसीएक्स गोल्ड कॉन्ट्रैक्ट में 149000 रुपए के आसपास, 152000 रुपए के टारगेट के लिए, 148000 रुपए के स्टॉपलॉस के साथ खरीदारी की सलाह है। एमसीएक्स सिल्वर कॉन्ट्रैक्ट में भी इनकी 321000 रुपए के आसपास,328000 रुपए के टारगेट के लिए,319000 रुपए के स्टॉपलॉस के साथ खरीदारी की सलाह है। इसके अलावा एमसीएक्स क्रूड ऑयल कॉन्ट्रैक्ट में भी इनकी 5500 रुपए के आसपास,5650 रुपए के टारगेट के लिए,5400 रुपए के स्टॉपलॉस के साथ खरीदारी की सलाह है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।