26 अगस्त 2026, बुधवार को घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में एक बार फिर कोई बदलाव नहीं किया गया है। देश की प्रमुख तेल कंपनियों Indian Oil Corporation (IOCL), Bharat Petroleum (BPCL) और Hindustan Petroleum (HPCL) ने आज घरेलू गैस सिलेंडर के ताजा रेट जारी कर दिए हैं। 14.2 किलोग्राम वाले सिलेंडर की कीमतें फिलहाल पिछले स्तर पर ही बनी हुई हैं। ऐसे में रसोई गैस सस्ती होने का इंतजार कर रहे आम उपभोक्ताओं को इस बार भी राहत नहीं मिली है।
देश के अलग-अलग शहरों में LPG के दाम अलग-अलग हैं और महानगरों से लेकर अन्य प्रमुख शहरों तक कीमतों में अंतर देखने को मिलता है। वहीं, कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में हालिया बदलाव के बाद कारोबारियों को जरूर राहत मिली है। ऐसे में घरेलू गैस की कीमतों पर लोगों की नजर बनी हुई है।
दिल्ली में ₹942 पर बरकरार घरेलू LPG
तेल कंपनियों ने जून में घरेलू LPG की कीमत में 29 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की थी। इसके बाद दिल्ली में 14.2 किलो वाले सिलेंडर का भाव ₹942 पर स्थिर है। मुंबई में यह ₹941.50, कोलकाता में ₹968 और चेन्नई में ₹957.50 है।
आपके शहर में LPG सिलेंडर की कीमत कितनी है?
LPG सिलेंडर के दाम हर शहर में अलग-अलग हो सकते हैं। स्थानीय टैक्स, ट्रांसपोर्टेशन और अन्य खर्चों के कारण एक ही घरेलू सिलेंडर की कीमत में शहर के अनुसार अंतर देखने को मिलता है। इसलिए सिलेंडर बुक करने से पहले अपने शहर का ताजा LPG रेट जरूर चेक कर लें।
कमर्शियल सिलेंडर के दाम में मिली बड़ी राहत
घरेलू उपभोक्ताओं के लिए कीमतों में भले ही कोई राहत नहीं मिली हो, लेकिन 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में इस महीने की शुरुआत में बड़ी कटौती की गई थी। अलग-अलग शहरों में यह कमी करीब ₹194 से ₹200 तक रही, जिससे होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक ग्राहकों को फायदा मिला।
LPG सप्लाई में बदल रही भारत की रणनीति
वैश्विक परिस्थितियों के बीच भारत के LPG आयात का स्रोत भी तेजी से बदल रहा है। पहले भारत अपनी LPG जरूरतों के बड़े हिस्से के लिए मध्य-पूर्व पर निर्भर था, लेकिन खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़े जोखिमों के बीच अमेरिका से LPG खरीद बढ़ाई गई है।
Kpler के आंकड़ों के अनुसार, भारत ने जुलाई में अमेरिका से करीब 0.89 मिलियन टन LPG आयात किया। अगस्त में अब तक लगभग 0.62 मिलियन टन LPG अमेरिका से आई है। अगस्त के कुल LPG आयात में अमेरिकी गैस की हिस्सेदारी करीब 73% बताई गई है।
खाड़ी देशों से सप्लाई में भारी गिरावट
अमेरिका से आयात बढ़ने के साथ पारंपरिक सप्लायर देशों से LPG की आवक काफी कम हुई है। अगस्त में UAE से भारत का LPG आयात करीब 1.40 लाख टन और कतर से लगभग 60 हजार टन रहा। वहीं, जुलाई और अगस्त दोनों महीनों में सऊदी अरब से LPG आयात शून्य रहा।
घर बैठे ऐसे चेक करें LPG का ताजा रेट
अगर आप Indane Gas का इस्तेमाल करते हैं, तो Indian Oil की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने राज्य और जिले का चयन करके LPG सिलेंडर की मौजूदा कीमत देख सकते हैं। Bharat Gas ग्राहक ebharatgas.com पर उपलब्ध ‘Quick Book & Pay’ विकल्प के जरिए सिलेंडर की लेटेस्ट कीमत की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। वहीं, HP Gas उपभोक्ता HP Pay ऐप से LPG सिलेंडर का ताजा रेट चेक कर सकते हैं। इसके अलावा, UMANG ऐप के जरिए LPG रिफिल बुक करने के साथ उसकी मौजूदा कीमत भी देखी जा सकती है।