Mumbai CNG Price Hike: मुंबई और इसके आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए महंगाई को लेकर एक बुरी खबर सामने आई है। महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने सीएनजी (CNG) की कीमतों में ₹2 प्रति किलो की बढ़ोतरी कर दी है। इस फैसले के बाद मुंबई में अब सीएनजी की नई दर ₹84 प्रति किलो हो गई है, जो पहले ₹82 थी। नई कीमतें मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई और पूरे एमएमआर क्षेत्र में आज, 14 मई से लागू हो गई हैं।
देश में बीते कई दिनों से फ्यूल की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर बज बना हुआ है। इसी बीच CNG की कीमतों में इजाफा हो गई है। सोने और चांदी के इंपोर्ट पर सरकार ने पहले ही इंपोर्ट ड्यूटी लगाकर महंगा कर दिया है।
महानगर गैस लिमिटेड के अनुसार, वैश्विक स्तर पर मची उथल-पुथल की वजह से कीमतें बढ़ानी पड़ी हैं। इसके पीछे 4 मुख्य कारण बताए गए हैं:
पश्चिम एशिया संकट: ईरान-इजरायल युद्ध और मिडिल ईस्ट में तनाव के कारण ग्लोबल एनर्जी सप्लाई चेन बुरी तरह प्रभावित हुई है।
रुपये की गिरावट: डॉलर के मुकाबले रुपये के कमजोर होने से गैस का आयात महंगा हो गया है।
कच्चे तेल में उछाल: इंटरनेशनल मार्केट में क्रूड ऑयल की बढ़ती कीमतों का असर गैस प्रोक्योरमेंट कॉस्ट पर पड़ा है।
महंगी गैस पर निर्भरता: घरेलू गैस की सीमित उपलब्धता के कारण अब कंपनियों को महंगी विदेशी गैस (RLNG) ज्यादा खरीदनी पड़ रही है।
12 लाख से ज्यादा वाहन प्रभावित
मुंबई और आसपास के इलाकों में लगभग 12.8 लाख वाहन सीएनजी पर चलते हैं। इसमें 4.70 लाख ऑटो रिक्शा, 1.60 लाख टैक्सी और 5 लाख से ज्यादा प्राइवेट कारें शामिल हैं। इसके अलावा बेस्ट (BEST) और राज्य परिवहन की बसों के संचालन खर्च में भी बढ़ोतरी होगी, जिसका सीधा बोझ आम जनता पर पड़ सकता है।
ऑटो और टैक्सी यूनियन ने कर दी ये डिमांड
सीएनजी के दाम बढ़ते ही मुंबई के ऑटो-टैक्सी यूनियनों ने सरकार पर दबाव बनाना शुरू कर दिया है। यूनियनों ने बेस फेयर में कम से कम ₹1 की बढ़ोतरी की मांग की है। यूनियन नेताओं का कहना है कि इस बढ़ोतरी से ऑटो चलाने की लागत प्रति किलोमीटर ₹1.03 बढ़ जाएगी, जिससे ड्राइवरों की बचत पर सीधा असर पड़ेगा। ट्रांसपोर्ट अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि जल्द ही किराया बढ़ाने को लेकर बैठक बुलाई जा सकती है।
पेट्रोल-डीजल के मुकाबले फिर भी सस्ती?
कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद MGL का दावा है कि सीएनजी अभी भी पेट्रोल-डीजल से किफायती है। कंपनी के मुताबिक, ₹84 की नई दर पर भी सीएनजी पेट्रोल के मुकाबले 44% और डीजल के मुकाबले 7% तक सस्ती पड़ रही है।
कुल मिलाकर मिडिल ईस्ट में तनाव का असर अब सीधे देश की रसोई (PNG) और यात्रा (CNG) पर दिखने लगा है। अगर आने वाले दिनों में कीमतों में और बढ़ोतरी होती है, तो आम आदमी के मासिक बजट पर इसका बड़ा असर पड़ेगा।