हमास (Hamas) द्वारा इजराइल (Israel) पर अचानक किए गए हमले के बाद तेल की कीमतें बढ़ गईं हैं। इसकी वजह से मध्य पूर्व (Middle East) में नए सिरे से अस्थिरता आ गई। पिछले हफ्ते के अंत में इजराइल और आतंकवादी समूह हमास के बीच लड़ाई शुरू होने के बाद से 1,400 से अधिक लोग मारे गए हैं। इस संघर्ष का व्यापक इलाके पर संभावित असर हो सकता है। अमेरिकी क्रूड वायदा 86 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर बंद हुआ। एक समय तो इसमें 5.4% की तेजी आई। हालांकि वैश्विक तेल आपूर्ति में इजराइल की भूमिका सीमित है, लेकिन खूनी संघर्ष से अमेरिका (America) और ईरान (Iran) दोनों के इसमें उलझने का खतरा बना हुआ है। ईरान इस साल अतिरिक्त कच्चे तेल का एक प्रमुख स्रोत बन गया है। इससे बाजारों में बेवजह का तनाव कम हो गया है। लेकिन तेहरान (Tehran) पर अमेरिका के अतिरिक्त प्रतिबंध से ऐसे शिपमेंट बाधित हो सकते हैं।
