Diesel Price: डीजल की कीमतों में 25 रुपए की बढ़ोतरी! लेकिन पेट्रोल पंप पर होगी पुरानी कीमत में ही होगी बिक्री, जानें कैसे

डीजल की कीमतों में थोक उपभोक्ताओं के लिए 25 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि, पेट्रोल पंपों पर बेचे जाने वाले डीजल की रिटेल कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ

अपडेटेड Mar 20, 2022 पर 2:29 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
डीजल की कीमतों में 25 रुपए की बढ़ोतरी! लेकिन पेट्रोल पंप पर होगी पुरानी कीमत में ही होगी बिक्री (File)

थोक उपभोक्ताओं (Wholesale Consumers) के लिए डीजल कीमतों (Diesel Price) में 25 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। PTI न्यूज एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी देते हुए बताया कि थोक ग्राहकों को बिक्री वाला डीजल 25 रुपए प्रति लीटर महंगा हो गया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में 40 प्रतिशत के उछाल के बाद यह कदम उठाया गया है। हालांकि, पेट्रोल पंपों के जरिए बेचे जाने वाले डीजल की रिटेल कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

इस महीने पेट्रोल पंपों की बिक्री में 20 प्रतिशत का उछाल आया है। बस बेड़े के परिचालकों और मॉल जैसे थोक उपभोक्ताओं ने पेट्रोल पंपों से ईंधन खरीदा है। आमतौर पर वे पेट्रोलियम कंपनियों से सीधे ईंधन की खरीद करते हैं। इससे ईंधन की रिटेल बिक्री करने वाली कंपनियों का नुकसान बढ़ा है।

सबसे ज्यादा असर नायरा एनर्जी, जियो-बीपी और शेल जैसी कंपनियां पर पड़ा है। बिक्री बढ़ने के बावजूद इन कंपनियों ने अभी तक मात्रा में कमी नहीं की है, लेकिन अब पंपों के लिए परिचालन आर्थिक रूप से व्यावहारिक नहीं रह जाएगा।


कंपनियों के पास पेट्रोल पंपों को बंद करने का ऑप्शन

मामले की जानकारी रखने वाले तीन सूत्रों ने कहा कि रिकॉर्ड 136 दिन से ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी नहीं हुई है, जिसकी वजह से कंपनियों के लिए इन दरों पर ज्यादा ईंधन बेचने के बजाय पेट्रोल पंपों को बंद करना ज्यादा व्यावहारिक ऑप्शन होगा।

साल 2008 में रिलायंस इंडस्ट्रीज ने बिक्री घटकर ‘शून्य’ पर आने के बाद अपने सभी 1,432 पेट्रोल पंप बंद कर दिए थे। सूत्रों ने कहा कि कुछ यही स्थिति आज भी बन रही है। थोक उपभोक्ता पेट्रोल पंपों से खरीदारी कर रहे हैं। इससे इन रिटेलरों का घाटा बढ़ रहा है।

कहां कितने का बिक रहा डीजल?

मुंबई में थोक उपभोक्ताओं के लिए डीजल का दाम बढ़कर 122.05 रुपये प्रति लीटर हो गया है। पेट्रोल पंपों पर डीजल 94.14 रुपये प्रति लीटर के भाव बिक रहा है।

इसी तरह दिल्ली में पेट्रोल पपों पर डीजल 86.67 रुपये प्रति लीटर है जबकि थोक या औद्योगिक ग्राहकों के लिए इसकी कीमत 115 रुपये प्रति लीटर है।

कंपनियों से सीधे टैंकर बुक नहीं कर रहे थोक उपभोक्ता

पब्लिक सेक्टर की पेट्रोलियम कंपनियों ने चार नवंबर, 2021 से पेट्रोल और डीजल के दाम नहीं बढ़ाए हैं। हालांकि, इस दौरान वैश्विक स्तर पर ईंधन कीमतों में उछाल आया है। माना जा रहा है कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी नहीं की गई।

विधानसभा चुनाव के नतीजे 10 मार्च को आ गए हैं, लेकिन उसके बाद भी संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण की वजह से फिलहाल कीमतों में बढ़ोतरी नहीं हुई है।

Petrol Diesel Price: कई शहरों में 100 रुपये से ऊपर बिक रहा है पेट्रोल, फटाफट चेक करें अपने शहर में आज की लेटेस्ट कीमतें

थोक उपभोक्ताओं के लिए दरों और पेट्रोल पंप कीमतों में 25 रुपये के बड़े अंतर की वजह से थोक उपभोक्ता पेट्रोल पंपों से ईंधन खरीद रहे हैं। वे पेट्रोलियम कंपनियों से सीधे टैंकर बुक नहीं कर रहे हैं। इससे पेट्रोलियम कंपनियों का नुकसान और बढ़ा है।

एजेंसी के मुताबिक, नायरा एनर्जी ने इस बारे में भेजे गए ई-मेल का जवाब नहीं दिया। जियो-बीपी ने कहा कि रिटेल आउटलेट्स पर मांग में भारी बढ़ोतरी हुई है। रिटेल और इंडस मूल्य में 25 रुपये प्रति लीटर के अंतर की वजह से थोक उपभोक्ता भी खुदरा पेट्रोल पंपों से खरीद कर रहे हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।