लगातार बढ़ती महंगाई के बीच आम जनता को एक बार फिर झटका लगा है। सरकार ने शनिवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिर बढ़ोतरी कर दी। हालांकि इस बार दाम में बढ़ोतरी एक रुपये से कम हुई है, लेकिन बार-बार बढ़ रहे रेट्स ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। मई महीने में यह तीसरी बार है जब ईंधन की कीमतों में इजाफा हुआ है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और ईरान युद्ध के असर को इसकी बड़ी वजह माना जा रहा है। पेट्रोल-डीजल महंगा होने से सिर्फ वाहन चलाना ही नहीं, बल्कि रोजमर्रा की कई चीजें भी महंगी हो सकती हैं। ऐसे में आम आदमी के घर का बजट बिगड़ने लगा है और लोगों की जेब पर सीधा असर दिखाई दे रहा है।
