Rupee Vs Dollar: डॉलर के मुकाबले रुपया कमजोर, 7 पैसे कमजोर होकर 88.77 पर हुआ बंद

Rupee Vs Dollar:कच्चे तेल की कम कीमतों और अमेरिकी मुद्रा के कमजोर होने से शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में रुपया कुछ सुधरकर 5 पैसे बढ़कर 88.64 प्रति डॉलर पर पहुंच गया

अपडेटेड Oct 31, 2025 पर 3:43 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Currency Check : गुरुवार को अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा उम्मीद के मुताबिक ब्याज दरों में 25 आधार अंकों की कटौती के बाद रुपया 47 पैसे गिरकर 88.69 पर बंद हुआ था

Rupee Vs Dollar:डॉलर के मुकाबले रुपया आज 7 पैसे कमजोर होकर 88.77 के स्तर पर बंद हुआ।  हालांकि शुरुआती कारोबार में रुपया आज मजबूत खुला था।  कच्चे तेल की कम कीमतों और अमेरिकी मुद्रा के कमजोर होने से शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में रुपया कुछ सुधरकर 5 पैसे बढ़कर 88.64 प्रति डॉलर पर पहुंच गया था। विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, शेयर बाजारों में बिकवाली के दबाव के बीच विदेशी पूंजी की निकासी ने घरेलू मुद्रा में तेज बढ़त को रोक दिया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में, रुपया 88.60 पर खुला और थोड़ा बढ़कर 88.59 पर पहुँचा, फिर डॉलर के मुकाबले 88.64 पर कारोबार कर रहा था, जो पिछले बंद भाव से 5 पैसे की बढ़त दर्शाता है।

गुरुवार को अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा उम्मीद के मुताबिक ब्याज दरों में 25 आधार अंकों की कटौती के बाद रुपया 47 पैसे गिरकर 88.69 पर बंद हुआ था। हालांकि फेड अध्यक्ष जेरोम पॉवेल ने अमेरिकी मुद्रास्फीति के लक्ष्य स्तर से ऊपर रहने और श्रम बाजार में अनिश्चितताओं की आशंका जताई, जिससे दिसंबर की नीतिगत दरों में और कटौती की उम्मीद कम हो गई।

इस बीच, छह मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की ताकत को मापने वाला डॉलर सूचकांक 0.02 प्रतिशत गिरकर 99.33 पर आ गया।


वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.68 प्रतिशत गिरकर 64.56 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। घरेलू शेयर बाजार में, शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 192.31 अंक या 0.23 प्रतिशत बढ़कर 84,596.77 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 42.05 अंक या 0.16 प्रतिशत बढ़कर 25,919.90 पर पहुँच गया। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने गुरुवार को 3,077.59 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।