Bharti Airtel Q1 Results: टेलीकॉम कंपनी भारती एयरटेल ने आज 5 अगस्त को FY25 की पहली तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी के नेट प्रॉफिट में सालाना आधार पर 158 फीसदी का तगड़ा उछाल आया है। कंपनी ने इस अवधि में 4160 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया है। पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 1612 करोड़ रुपये था। एयरटेल ने जून तिमाही में बाजार के अनुमान से बेहतर नतीजे जारी किए हैं। कंपनी के शेयरों में आज 1.86 फीसदी की गिरावट आई है और यह स्टॉक 1466 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। कंपनी ने बाजार बंद होने के बाद नतीजे जारी किए हैं।
Bharti Airtel के रेवेन्यू में 2.8 फीसदी की बढ़ोतरी
भारती एयरटेल को मुख्य रूप से एक्सेप्शनल आइटम से मदद मिली है। पहली तिमाही के लिए एक्सेप्शनल आइटम से पहले कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 2925 करोड़ रुपये था। अप्रैल-जून तिमाही में टेलीकॉम कंपनी एयरटेल का रेवेन्यू पिछले साल की समान तिमाही के 37440 करोड़ रुपये से 2.8 फीसदी बढ़कर 38,506 करोड़ रुपये हो गया।
जून तिमाही के दौरान भारती एयरटेल का एवरेज रेवेन्यू पर यूजर (ARPU) सालाना आधार पर 5.5 फीसदी बढ़कर 211 रुपये हो गया। पिछले साल की समान तिमाही में यह 200 रुपये था। यह टेलीकॉम कंपनियों द्वारा रेवेन्यू जनरेशन को मापने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला एक अहम मीट्रिक है।
Bharti Airtel के नतीजे अनुमान से बेहतर
मनीकंट्रोल द्वारा 5 ब्रोकरेज कंपनियों के अनुमानों के आधार पर किए गए सर्वे में भारती एयरटेल का पहली तिमाही का नेट प्रॉफिट 3,455 करोड़ रुपये और रेवेन्यू 38,611 करोड़ रुपये रहने का अनुमान लगाया गया था।
जून तिमाही के लिए एयरटेल का EBITDA 19,944 करोड़ रुपये रहा, जो कि पिछले साल की समान तिमाही की तुलना में 1 फीसदी अधिक है। EBITDA मार्जिन 51.8 फीसदी रहा, जो कि पिछले साल की समान तिमाही की तुलना में 90 बेसिस प्वाइंट की गिरावट दिखाता है। EBIT 9355 करोड़ रुपये रहा, जो कि पिछले साल की समान तिमाही की तुलना में 7.2 प्रतिशत कम है।