Get App

HDFC का नेट प्रॉफिट दिसंबर तिमाही में 65% घटकर 2926 करोड़ रुपए रहा

HDFC Result: एक साल पहले इसी तिमाही में HDFC का नेट प्रॉफिट 8372 करोड़ रुपए था

MoneyControl Newsअपडेटेड Feb 03, 2021 पर 8:46 AM
HDFC का नेट प्रॉफिट दिसंबर तिमाही में 65% घटकर 2926 करोड़ रुपए रहा

HDFC Result: हाउसिंग डेवलपमेंट फाइनेंस कॉरपोरेशन लिमिटेड (HDFC) ने मंगलवार को दिसंबर तिमाही के नतीजे जारी किए जो बेहद निराशाजनक रहे। 31 दिसंबर 2020 को खत्म तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट दिसंबर तिमाही में 65 फीसदी घटकर 2926 करोड़ रुपए रह गया है। एक साल पहले इसी तिमाही में HDFC का नेट प्रॉफिट 8,372 करोड़ रुपए था।

तिमाही दर तिमाही आधार पर देखें तो HDFC का प्रॉफिट दिसंबर तिमाही में 2 फीसदी बढ़ा। इससे पहले सितंबर 2020 तिमाही में कंपनी का प्रॉफिट 2870 करोड़ रुपए था। चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में कंपनी की आमदनी 42 फीसदी गिरकर 11,707 करोड़ रुपए रही। एक साल पहले दिसंबर 2019 तिमाही में कंपनी की आमदनी 20,285 करोड़ रुपए थी।  

हालांकि कंपनी का कहना है कि इसकी तुलना सीधे तौर पर पिछले साल के नतीजों से नहीं किया जा सकता है। HDFC ने स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी में बताया, "पिछले साल से तुलना करते हुए गृह फाइनेंस और बंधन बैंक की खरीदारी में खर्च हुए रकम, कर्मचारियों को दिए स्टॉक ऑप्शन और प्रोविजनिंग को ध्यान में रखते हुए तुलना करना होगा। इन सब खर्चों को एडजस्ट करके देखें तो 31 दिसंबर 2020 को खत्म 9 महीनों में कंपनी का एडजस्टेड प्रॉफिट 10,050 करोड़ रुपए रहा जो पिछले साल की इसी तिमाही में 8287 करोड़ रुपए था। इस हिसाब से कंपनी का प्रॉफिट दिसंबर तिमाही में 21 फीसदी बढ़ा है।" नतीजे आने के बाद मंगलवार को कंपनी के शेयर 3 फीसदी चढ़कर 2656 रुपए पर बंद हुए थे।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें