मल्टीप्लेक्स स्टॉक्स PVR और आईनॉक्स लीजर (Inox Leisure) के शेयरों में सोमवार को जबरदस्त तेजी आई। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 1 अक्टूबर से राज्य में थियेटर खोलने की इजाजत दे दी जिसके बाद मल्टीप्लेक्स शेयरों में शानदार उछाल देखने को मिला है। सुबह जब बाजार खुला तब PVR के शेयर NSE पर 6 फीसदी ऊपर 1,166.85 रुपए प्रति शेयर पर ट्रेड कर रहे थे। वहीं आईनॉक्स लीजर के शेयर 6.64 फीसदी चढ़कर 271.55 रुपए पर थे।
दोपहर तक दोनों शेयरों में और तेजी आ गई। दोपहर 1.50 तक PVR के शेयर 10.45 फीसदी ऊपर 1216.55 रुपए पर ट्रेड कर रहे थे। जबकि आईनॉक्स के शेयर 5.54 फीसदी ऊपर 268.70 रुपए पर ट्रेड कर रहे थे। मार्च में लॉकडाउन शुरू होने के बाद देश भर के सिनेमा हॉल बंद हो गए थे। उसके बाद अब पहली बार सिनेमा हॉल खुलेंगे। फिलहाल पश्चिम बंगाल में थियेटर 1 अक्टूबर से खुल रहे हैं। दूसरे राज्य की सरकारों ने फिलहाल इस पर कोई फैसला नहीं किया है।
ममता बनर्जी ने ट्वीट किया है, "अब सामान्य हालात की तरफ लौटते हैं। जत्रा, प्ले, OATs, सिनेमा और सभी म्यूजिकल, डांस और मैजिक शो 1 अक्टूबर से शुरू हो जाएंगे। इस दौरान एक साथ सिर्फ 50 लोग शामिल हो सकेंगे और सोशल डिस्टेंसिंग का खासतौर पर पालन करना होगा।"
ममता बनर्जी ने यह भी कहा कि इन जगहों पर शामिल होने वाले लोगों को अनिवार्य तौर पर मास्क पहनना होगा। 1 अक्टूबर से देश में Unlock 5 शुरू हो रहा है। ऐसे में अभी होम मिनिस्ट्री ने थियेटर के बारे में कोई फैसला नहीं लिया है।
पश्चिम बंगाल की सरकार ने 1 जून से फिल्मों और टीवी सीरियल की शूटिंग की भी मंजूरी दे दी है। हालांकि सेट पर एक साथ 37 से ज्यादा लोगों के रहने की अनुमति नहीं है।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।
