Tata Motors। टाटा मोटर्स ने शुक्रवार को अपने नतीजे जारी किए हैं। फेस्टिवल सीजन में अच्छी डिमांड के कारण दिसंबर तिमाही में कंपनी का प्रॉफिट 67.2 फीसदी बढ़कर 2906 करोड़ रुपए रही। इस दौरान कंपनी की आमदनी 5.5 फीसदी बढ़कर 75,654 करोड़ रुपए रही है। कोरोनावायरस संक्रमण में कमी आने के बाद सरकार ने जब पाबंदिया हटाईं तो ऑटो सेक्टर की बिक्री में तेजी आई जिसका फायदा टाटा मोटर्स को हुआ है।
चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में टाटा मोटर्स का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट 2906 करोड़ रुपए रहा। एक साल पहले इसी तिमाही में कंपनी का प्रॉफिट 1738 करोड़ रुपए था। जगुआर जैसी लग्जरी कार ब्रांड पर टाटा मोटर्स का मालिकाना हक है। इससे पहले सितंबर 2020 तिमाही में कोरोनावायरस संक्रमण की वजह से कंपनी को 314 करोड़ रुपए का लॉस हुआ था।
लाइव मिंट के मुताबिक, टाटा मोटर्स के चीफ एग्जिक्यूटिव ऑफिसर और मैनेजिंग डायरेक्टर Guenter Butschek ने कहा, "फेस्टिवल सीजन में अच्छी डिमांड के कारण पैसेंजर कार का परफॉर्मेंस अच्छा रहा है। पैसेंजर व्हीकल की ग्रोथ पिछली 33 तिमाहियों के मुकाबले सबसे ज्यादा रही है।"
कंपनी की लग्जरी कार यूनिट जगुआर लैंड रोवर (JLR) से सबसे ज्यादा आमदनी हासिल हुई है। इसकी बिक्री सितंबर तिमाही के मुकाबले 13.1 फीसदी बढ़ी है लेकिन अभी भी यह कोरोनावायरस से पहले के मुकाबले 9 फीसदी कम है।
टाटा मोटर्स ने पिछले हफ्ते कहा था कि कच्चे माल की लागत का असर कम करने के लिए वह अपनी गाड़ियों की कीमत बढ़ाएगी।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।
