बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद (Sonu Sood) से संबंधित परिसरों पर बुधवार को आयकर विभाग की टीम पहुंची। रिपोर्ट के अनुसार आयकर विभाग की टीम ने सोनू के घर का सर्वे किया है। विभाग मुंबई में अभिनेता के 6 परिसरों में एक सर्वेक्षण अभियान चला रहा है। आपको बता दें कि कोरोना महामारी के दौरान लोगों की जमकर मदद करके सोनू सूद मीडिया और आम लोगों की जमकर प्रशंसा हासिल कर चुके हैं।
पीटीआई के मुताबिक, आयकर विभाग के अधिकारी कथित टैक्स चोरी मामले की जांच के सिलसिले में सोनू सूद से जुड़े मुंबई और कुछ अन्य स्थानों के ठिकानों पर पहुंचे। सूत्रों ने बताया कि जांच की यह कार्रवाई मुंबई और लखनऊ के कम से कम आधा दर्जन ठिकानों पर की गई।
अभी तक स्पष्ट नहीं है कि क्या आयकर विभाग के अधिकारी सूद के आवास पर भी पहुंचे हैं। एनडीटीवी की एक रिपोर्ट्स की मानें तो सोनू सूद की 6 प्रॉपर्टीज पर अधिकारियों ने सर्वे किया है।
गौरतलब है कि अभिनेता सूद पिछले साल कोविड-19 की वजह से लागू राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन में प्रवासी मजदूरों को उनके घर पहुंचने में मदद कर राष्ट्रीय चर्चा में आए थे। उन्होंने कई लोगों को ना सिर्फ अपने घर पहुंचाने का इंतजाम किया, बल्कि उन तक दवाइयां, ऑक्सीजन सिलेंडर जैसी चीजें भी पहुंचाई थीं।