संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और ओमान में 17 अक्टूबर से शुरू होने वाले टी-20 विश्व कप (T20 World Cup) से पहले भारतीय टीम के लिए अच्छी खबर है। भारतीय टीम 24 अक्टूबर को पाकिस्तान के खिलाफ अपने अभियान की शुरूआत करेगी। हालांकि, इससे पहले टीम इंडिया और चयनकर्ता मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती (Varun Chakravarthy) को लेकर काफी परेशान थे।

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) खेल रहे चक्रवर्ती अपनी फिटनेस को लेकर संदेह के घेरे में थे और उनको हटाकर चहल को टीम में शामिल करने की चर्चा शुरू हो गई थी। लेकिन मंगलवार को आईपीएल के दूसरे क्वालीफायर में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शानदार अंदाज में लय में वापसी करके वरुण ने फिर से दहाड़ लगा दी है।

आपको बता दें कि रोमांच की पराकाष्ठा तक पहुंचे मुकाबले में गेंद दर गेंद पासा पलटता रहा लेकिन एक गेंद बाकी रहते राहुल त्रिपाठी के छक्के के दम पर कोलकाता नाइट राइडर्स ने दिल्ली कैपिटल्स को हराकर आईपीएल फाइनल में जगह बना ली जहां सामना चेन्नई सुपर किंग्स से होगा।

वरुण चक्रवर्ती को टी-20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया में जगह मिली है। उन्होंने आईपीएल 2021 के क्वालिफायर-2 के एक मुकाबले में KKR की ओर से खेलते हुए दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 2 विकेट लिए। चक्रवर्ती मौजूदा सीजन में अब तक 18 विकेट ले चुके हैं। यह उनका IPL इतिहास का सबसे शानदार प्रदर्शन है। पिछले साल यूएई में हुए टी-20 लीग में वरुण ने 17 विकेट लिए थे। 

IPL 2021: IPL कोड ऑफ कंडक्ट के उल्लंघन पर दिनेश कार्तिक को लगी फटकार, जानें क्या है पूरा मामला

वरुण ने एलिमिनेटर मुकाबले में बैंगलोर के खिलाफ एक भी विकेट नहीं लिया और इसके बाद वो अपनी खराब फिटनेस को लेकर चर्चा में आ गए थे। इसके अलावा पूरे टूर्नामेंट में वो अपने घुटनों में परेशानी को लेकर चर्चा में थे। हालांकि दूसरे क्वालीफायर मैच में मंगलवार को सब कुछ बदल गया। वरुण ने दिल्ली कैपिटल्स के दो शीर्ष बल्लेबाजों को आउट करके अहम योगदान दिया और एक बार फिर टी-20 वर्ल्ड कप के लिए अपना दावा ठोक दिया।

वरुण चक्रवर्ती को आईपीएल 2021 की खोज कहा जा सकता है। इनकी गुगली का जबाव किसी भी टीम के पास नहीं है। वरुण ने महेंद्र सिंह धोनी को 3 बार क्लीन बोल्ड किया है वो भी सिर्फ 12 गेंदों पर। धोनी भी इनकी गुगली भी ठीक से नहीं पढ़ पाए। चेन्नई के खिलाफ फाइनल में इनके कोटे के 4 ओवर बहुत ही खतरनाक साबित होगें।

ICC टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम इस प्रकार है:-

विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा (उप कप्तान), केएल राहुल, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, रविंद्र जडेजा, राहुल चाहर, रविचंद्रन अश्विन, शारदुल ठाकुर, वरूण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी।

स्टैंड-बाय खिलाड़ी: श्रेयस अय्यर, दीपक चाहर और अक्षर पटेल।
 
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।