US Capitol: दूसरे महाभियोग से भी बच गए डोनाल्ड ट्रंप, सीनेट ने किया बरी

ट्रंप ने संभावित राजनीतिक भविष्य पर संकेत देते हुए कहा, मेक अमेरिका ग्रेट अगेन के लिए अभी हमारा आंदोलन शुरू हुआ है

अपडेटेड Feb 15, 2021 पर 8:42 AM
Story continues below Advertisement

अमेरिका के कैपिटल हिल में हुए दंगों को लेकर दूसरे महाभियोग में पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) को बरी कर दिया गया। कई रिपब्लिकन सांसदों ने ट्रंप का समर्थन किया। 5 दिन के महाभियोग ट्रायल चलने के बाद 6 जनवरी को कैपिटल हिल में हुए दंगे को लेकर हुए महाभियोग की प्रक्रिया में सीनेट ने 57-43 के अंतर से वोटिंग कर ट्रंप को बरी किया। इसमें 57 सीनेटरों ने ट्रंप को महाभियोग का दोषी पाया, जबकि 43 सीनेटरों ने उन्हें दोषी नहीं पाया। ट्रंप को दोषी करार देने के लिए सीनेट से दो तिहाई बहुमत यानी 67 वोटों की जरूरत थी, जो नहीं मिल सकी। इसके साथ ही 73 साल के ट्रंप अमेरिकी इतिहास के तीसरे ऐसे राष्ट्रपति हैं जिनके खिलाफ महाभियोग का प्रस्ताव पास किया गया है। दो अन्य राष्ट्रपति बिल क्लिंटन और एंड्र्यू जॉनसन थे।

ट्रंप ने इस फैसले का स्वागत किया है और कहा कि किसी भी राष्ट्रपति को ऐसा दिन नहीं देखना पड़ा था। अपने खिलाफ हुई इस कार्रवाई को अमेरिका के इतिहास में हो रहे सबसे बड़े विचहंट का अगला चरण बताया। अमेरिका के लिए यह दुख भरा समय है कि एक पार्टी को न्याय व्यवस्था को बदनाम करने, भीड़ का उत्साह बढ़ाने और पार्टी के खिलाफ बोलने वालों की आवाज को दबाने की खुली छूट दी गई है। ट्रंप ने संभावित राजनीतिक भविष्य पर संकेत देते हुए कहा, मेक अमेरिका ग्रेट अगेन के लिए अभी हमारा आंदोलन शुरू हुआ है। उन्होंने कहा कि अभी हमारे पास बहुत काम है। जल्द ही हम अमेरिका के भविष्य के लिए एक दृष्टिकोण के साथ वापस आएंगे। ट्रंप व्हाइट हाउस छोड़ने के बाद से फ्लोरिडा के अपने क्लब में रह रहे हैं।


सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।