Aero India 2023: आज से एशिया का सबसे बड़ा एयर शो शुरू, पीएम मोदी ने किया उद्घाटन, कहा - यह भारत की ताकत है

Aero India 2023: कर्नाटक में आज से एशिया का सबसे बड़ा एयर शो शुरू हो गया है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका उद्घाटन किया। मेक इन इंडिया और मेक फॉर वर्ल्ड के मकसद से यह कार्यक्रम बेहद खास माना जा रहा है। यह कार्यक्रम 13 फरवरी से 17 फरवरी तक होगा। इसमें करीब 5 लाख मेहमानों के शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है

अपडेटेड Feb 13, 2023 पर 11:06 AM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बेंगलुरु में येलहंका के वायु सेना स्टेशन में एयरो इंडिया 2023 के 14वें संस्करण का उद्घाटन किया

Aero India 2023: बेंगलुरु में आज से शुरू होने वाले एयरो इंडिया 2023 शो (Aero India 2023) में भारत की स्वदेशी ताकत का नजारा दिखाई दे रहा है। दो साल में एक बार होने वाले इस एयरो इंडिया में भारत अपने स्वदेशी फाइटर जेट, यूटिलिटी हेलिकॉप्टर, अटैक हैलिकॉप्टर, ड्रोन और मिसाइलों को दुनिया के सामने प्रदर्शित करने की तैयारी में है। इस एयरो इंडिया में कई देशों के रक्षा मंत्री डिफेंस मिनिस्टर कॉनक्लेव में शिरकत कर रहे हैं। जबकि 29 देशों के वायुसेना अध्यक्ष शामिल होंगे। एशिया का यह सबसे बड़ा एयर एग्जिबिशन (aero exhibition) एयर फोर्स स्टेशन Yelahanka में हो रहा है। 17 फरवरी तक यह कार्यक्रम चलेगा।

मेक इन इंडिया और मेक फॉर वर्ल्ड के उदेश्य को पूरा करने के लिए ये कार्यक्रम बेहद खास माना जा रहा है। 5 दिन तक चलने वाले इस कार्यक्रम में भारत की रक्षा क्षमता प्रमुखता से दिखाई जाएगी। कुल 29 देशों के एयर चीफ, 73 CEO भी दस्तक देने जा रहे हैं।

800 से ज्यादा कंपनियों ने किया रजिस्टर


एयरो इंडिया शो में देश-विदेश की 800 से ज़्यादा कंपनियों ने खुद को रजिस्टर किया है। अपने छोटे से लेकर बड़े प्रोडक्ट की नुमाइश लगा रही हैं। 13 से 17 फ़रवरी तक चलने वाले इस एयरो इंडिया में शुरुआती 3 दिन बिज़नेस डे और बाकी के 2 दिन आम जनता के लिए रखा गया है। जिससे वो भी इस एयरो शो को देख पाएंगे। इस मौक़े पर खास फ्लाई-पास्ट का आयोजन किया जाएगा। इस शो में कई स्टार्ट अप कंपनियां भी नई तकनीक से लोगों को रूबरू करवाने वाली हैं। इस बार कार्यक्रम में यूएवी सेक्टर की ग्रोथ, भविष्य की शानदार टेक्नोलॉजी पर भी खास जोर दिया जाएगा। LCA तेजस, Dornier Light Utility Helicopter और Advanced Light Helicopter को भी प्रमोट किया जाएगा।

भारत पूरी दुनिया को कर रहा है रोशन – राजनाथ सिंह

इस कार्यक्रम के उद्घाटन के लिए पीएम मोदी पहुंच चुके हैं। इस बीच देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि हमारे रक्षा क्षेत्र ने कुछ वर्षों में एक लंबी यात्रा तय की है। इस यात्रा में रक्षा क्षेत्र ने सफलता के कई पड़ाव पार किए जो आगे चल कर इस क्षेत्र में मजबूती का स्तंभ बने हैं। एयरो इंडिया भी उन्हीं स्तंभों में से एक है। उन्होंने आगे कहा कि एयरो इंडिया वास्तव में एयरोस्पेस का प्रदर्शन है। जिसकी 2 महत्वपूर्ण विशेषताएं हैं – ऊंचाई और गति। ये दो गुण पीएम के कामकाज और व्यक्तित्व को परिभाषित करते हैं। भारत के लिए अखंडता और प्रतिबद्धता की ऊंचाई, निर्णय लेने और परिणाम देने की गति है। रक्षा मंत्री ने कहा कि पूरी दुनिया में भारत एक ऐसे सितारे के रूप में उभरा है जो न केवल चमक रहा है बल्कि दूसरों को भी अपनी चमक से रोशन कर रहा है।

पीएम मोदी ने किया उद्घाटन

देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बेंगलुरु में येलहंका के एयर फोर्स स्टेशन में एयरो इंडिया 2023 के 14वें संस्करण का उद्घाटन किया। पीएम मोदी ने कहा कि एयरो इंडिया का यह आयोजन भारत के बढ़ती ताकत का उदाहरण है। इसमें दुनिया की करीब 100 देशों की मौजूदगी होना दिखाता है कि भारत पर पूरे विश्व का विश्वास कितना बढ़ गया है।

डिफेंस सेक्टर में देश का बढ़ेगा निर्यात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि डिफेंस एक ऐसा सेक्टर है। जिसकी तकनीक, मार्केट और सतर्कता को सबसे कठिन माना जाता है। हमारा लक्ष्य है 2024-25 तक इसके निर्यात के आंकड़े को डेढ़ अरब से बढ़ाकर 5 अरब डॉलर तक ले जाया जाए। पीएम मोदी ने कहा कि एयरो इंडिया की थीम जमीन से लेकर आसमान तक, हर तरफ नजर आ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इससे एयरो स्पेस और डिफेंस के क्षेत्र में नए अवसर पैदा होंगे। कर्नाटक के युवाओं के लिए नई संभावनाएं पैदा होंगी।

यह शो भारत की ताकत है – पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि आज यह एक सिर्फ शो नहीं है, बल्कि यह भारत की ताकत है। भारत की डिफेंस इंडस्ट्री के स्कोप और सेल्फ कॉन्फिडेंस को भी फोकस करता है। जब कोई देश नई सोच और नई अप्रोच के साथ आगे बढ़ता है तो उसकी व्यवस्थाएं भी नई सोच के साथ ढलने लगती हैं। आज का ये आयोजन भारत की नई सोच को बढ़ावा देता है। पीएम मोदी ने आगे कहा कि अमृतकाल का भारत एक फाइटर पायलट की तरह आगे बढ़ रहा है। जिसे ऊंचाइयां छूने से डर नहीं लगता है। आज का भारत तेज सोचता है, दूर की सोचता है और तुरंत फैसले लेता है। भारत की रफ्तार चाहे जितनी तेज हो लेकिन वो हमेशा जमीन से भी जुड़ा रहता है।

मेक इन इंडिया की बढ़ी ताकत

एयरो इंडिया के इस शो में पीएम मोदी ने कहा कि तेजस लड़ाकू विमान, स्वदेशी रूप से विकसित आईएनएस विक्रांत और तुमकुरु में हेलीकॉप्टर कारखाना ‘मेक इन इंडिया’ की ताकत हैं। 21वीं सदी का भारत न तो कोई अवसर गंवाएगा और न ही अपने सपनों को हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत करने से कतराएगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।