Agniveer Recruitment 2022: अग्निपथ योजना के तहत भारतीय सेना में अग्निवीर बनने के लिए अप्लाई करने वाले बिहार के युवाओं के लिए महत्पूर्ण सूचना है। अग्निपथ भर्ती योजना के तहत भारतीय सेना में बिहार के पुरुष और महिला उम्मीदवारों को अग्निवीर बनने का शानदार मौका है। भारतीय सेना भर्ती केंद्र दानापुर में आज यानी शुक्रवार से अग्निवीर भर्ती रैली शुरू हो गई है। सेना की ओर से अग्निवीर भर्ती के तहत रैली का आयोजन आज यानी 7 अक्टूबर, 2022 से लेकर 26 अक्टूबर, 2022 तक चलेगी।
बिहार में अग्नीवीर भर्ती रैली कुल 20 दिनों तक होगी। आपको बता दें कि भर्ती रैली में शामिल होने के लिए आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर आवेदन आवश्यक है। भर्ती रैली का आयोजन सेना के दानापुर केंद्र में किया जा रहा है। इसका पूरा पता- न्यू केएलपी (की लोकेशन प्लैन) कॉम्प्लेक्स, चांदमारी के समीप, दानापुर कैंट, पटना है।
भारतीय सेना के दानापुर केंद्र में 7 से लेकर 26 अक्टूबर, 2022 तक आयोजित होने वाली भर्ती रैली में बिहार के कुल 7 जिलों के युवा शामिल होंगे। इन जिलों में सीवान, सारण, गोपालगंज, वैशाली, पटना, बक्सर एवं भोजपुर जिले शामिल हैं। अग्निवीर भर्ती रैली के लिए महिलाएं भी अप्लाई कर सकती हैं। बिहार-झारखंड की महिलाओं के लिए भर्ती रैली का आयोजन 26 अक्टूबर को किया जाएगा। यह रैली भी दानापुर में ही होगी।
सरकार ने की थी अग्निपथ योजना की घोषणा
आपको बता दें कि अग्निपथ योजना 14 जून को घोषित की गई थी, जिसमें साढ़े 17 साल से 21 साल के बीच के युवाओं को केवल 4 साल के लिए सेना में भर्ती करने का प्रावधान है। वहीं, 4 साल बाद इनमें से केवल 25 प्रतिशत युवाओं की सेवा नियमित करने का प्रावधान है। इस योजना के खिलाफ कई राज्यों में विरोध प्रदर्शन होने के बाद सरकार ने 2022 में भर्ती के लिए ऊपरी आयु सीमा को इस साल के लिए बढ़ाकर 23 वर्ष कर दिया है।
कई बीजेपी शासित राज्यों ने यह भी घोषणा की कि अग्निपथ योजना के तहत सशस्त्र बलों में शामिल किए गए सैनिकों को राज्य पुलिस बलों में भर्ती के लिए प्राथमिकता दी जाएगी। हालांकि, सशस्त्र बलों ने कहा है कि नई भर्ती योजना के खिलाफ हिंसक विरोध और आगजनी करने वालों को इसमें शामिल नहीं किया जाएगा। योजना के तहत तीनों सेनाओं में इस साल करीब 46,000 सैनिक भर्ती किए जाएंगे।
नौसेना पहले वर्ष में 3,000 अग्निवीरों की भर्ती करने जा रही है। इसके अलावा वायु सेना 3,500 की भर्ती करेगी, जबकि थल सेना 40,000 की भर्ती करेगी। यह पहले साल की संख्या है। एक अधिकारी ने उम्मीद जताई कि कार्मिकों की संख्या में इजाफा हो सकता है।