रणदीप गुलेरिया के बाद किसे मिलेगी दिल्ली AIIMS की कमान? इन दो नामों की हो रही चर्चा

AIIMS नई दिल्ली के अगले डायरेक्टर बनने की रेस में सबसे आगे डॉ एम श्रीनिवास, डॉ संजय बिहारी, डॉ प्रमोद गर्ग और डॉ राजेश मल्होत्रा ​​​​हैं

अपडेटेड Sep 22, 2022 पर 2:51 PM
गुलेरिया का कार्यकाल पहले 24 मार्च तक था, जिसे तीन महीने के लिए बढ़ा दिया गया था

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS Delhi), दिल्ली के डायरेक्टर डॉ रणदीप गुलेरिया (Dr Randeep Guleria) का कार्यकाल कल यानी शुक्रवार 23 सितंबर को समाप्त हो जाएगा। न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, गुलेरिया के उत्तराधिकारी के नाम का जल्द ही ऐलान कर दिया जाएगा। सूत्रों ने बताया कि इस पद के लिए दो डॉक्टरों के नामों की अनुशंसा की गई है।

ये दो नाम रेस में सबसे आगे?

सूत्रों ने बताया कि एम्स-नई दिल्ली के अगले निदेशक बनने की दौड़ में सबसे आगे हैदराबाद में स्थित कर्मचारी राज्य बीमा कंपनी (ESIC) अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज के डीन डॉक्टर एम. श्रीनिवास (Dr M Srinivas) और श्री चित्रा तिरुनल इंस्टीट्यूट फॉर मेडिकल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी त्रिवेंद्रम के डायरेक्टर डॉ. संजय बिहारी ( Dr Sanjay Behari) हैं। इनके नाम मंजूरी के लिए मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (ACC) के पास भेज दिए गए हैं, जिसके प्रमुख प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं।


दोनों ने पद के लिए नहीं किया अप्लाई

सूत्रों ने बताया कि हालांकि डॉ. श्रीनिवास और डॉ. बिहारी ने इस पद के लिए अप्लाई नहीं किया है। मार्च में चयन समिति ने एम्स में अंत:स्राव रोग (एंडोक्राइन) विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. निखिल टंडन, एम्स ट्रॉमा सेंटर प्रमुख एवं अस्थि रोग विभाग के अध्यक्ष डॉ. राजेश मल्होत्रा और संस्थान के जठरांत्र रोग (गैस्ट्रोएंटरोलॉजी) विभाग के प्रोफेसर डॉ. प्रमोद गर्ग के नाम का चयन किया था।

ये भी पढ़ें- British Crown Jewels: किंग चार्ल्स के लिए महारानी एलिजाबेथ छोड़ गईं बड़ा खजाना, तस्वीरों में देखें ब्रिटिश क्राउन ज्वेल्स

इन नामों को एम्स से संबंधित निर्णय लेने वाली शीर्ष इकाई के समक्ष रखा गया था, जिसने इन पर मुहर लगा दी थी। इसके बाद इन्हें मंजूरी के लिए एसीसी के पास भेजा गया। प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता वाली एसीसी ने 20 जून को इस पद के लिए और नाम मांगे थे।

डॉ. श्रीनिवास 2016 में हैदराबाद में ESIC अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज में नियुक्ति से पहले एम्स-दिल्ली में बाल चिकित्सा सर्जरी विभाग में प्रोफेसर थे। वहीं डॉ. बिहारी अप्रैल में श्री चित्रा तिरुनल इंस्टीट्यूट फॉर मेडिकल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी त्रिवेंद्रम के डायरेक्टर बनने से पहले संजय गांधी स्नातकोत्तर स्वास्थ्य विज्ञान संस्थान, लखनऊ में न्यूरोसर्जरी विभाग के प्रोफेसर और प्रमुख थे।

2017 से एम्स के डायरेक्टर हैं गुलेरिया

डॉ रणदीप गुलेरिया को डायरेक्टर एम्स दिल्ली के पद के लिए दो बार विस्तार मिल चुका है। गुलेरिया का कार्यकाल पहले 24 मार्च तक था, जिसे तीन महीने के लिए बढ़ा दिया गया था। बाद में इसे तीन और महीने के लिए बढ़ा दिया गया था। डॉ. गुलेरिया को 28 मार्च 2017 को 5 साल के लिए एम्स का डायरेक्टर नियुक्त किया गया था। नई नियुक्तियां इसलिए अहम है क्योंकि केंद्र सरकार दिल्ली में एम्स अस्पतालों के पुनर्विकास की योजना बना रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।