अभिनेत्री तापसी पन्नू और निर्देशक अनुराग कश्यप की मुश्किलें कम होती नहीं दिख रही हैं। अब तक की जांच में फैंटम फिल्म्स पर दो अलग-अलग मामलों में 650 करोड़ रूपए के टैक्स की हेरीफेरी के आरोप लग रहे हैं। आयकर विभाग का दावा है कि अनुराग कश्यप ने अपने खर्च में 20 करोड़ रुपये का फ़र्ज़ीवाड़ा भी किया है। इसके अलावा तापसी पन्नू भी इनकम टैक्स अधिकारियों के सवालों के जवाब नहीं दे पाई। छापेमारी में मिले 7 बैंक लॉकरों की भी जांच की जाएगी। इसके अलावा इनकम टैक्स विभाग ने आज दिल्ली और हैदराबाद में भी छापे मारी की।
छापेमारी के बाद जहां एक ओर सियासत गर्माई हुई है, इसी बीच आयकर विभाग का बयान भी सामने आ गया है। आयकर विभाग ने एक बयान जारी कर कहा कि सर्च के दौरान इन प्रोडक्शन हाउस के आय और शेयर में बड़े पैमाने पर हेराफेरी के सबूत मिले हैं। सीबीडीटी ने अपने बयान में किसी का नाम नहीं लिया लेकिन बुधवार से ही जारी कार्रवाई के बारे में जानकारी दी।
आयकर विभाग के मुताबिक़ फ़िल्मी हस्तियों के 28 ठिकानों पर मुम्बई, पुणे, दिल्ली और हैदराबाद में छापे पड़े। जाँच में विभाग को बड़े पैमाने पर गड़बड़ी के सबूत मिले। पूछताछ में 350 करोड़ की आय का ब्योरा देने में कम्पनी नाकाम रही। शेयरों के लेन देन में भी 350 करोड़ की गड़बड़ी का शक है। यही नहीं, तापसी पन्नू से 5 करोड़ रुपये नक़दी के साक्ष्य भी बरामद हुए हैं। करीब 28 परिसरों की तलाशी के दौरान बैंक के 7 लॉकर मिले हैं। इन लॉकर्स की जांच की जा रही हैं। IT के अधिकारियों ने कुछ हार्ड डिस्क भी ज़ब्त कर ली है, जिनकी जाँच की जाएगी।
उधर आयकर विभाग ने अब तक की जाँच के बाद जो खुलासे किए उसके बाद कंगना रनौत ने ट्वीटर पर हल्ला बोल दिया। कंगना ने अनुराग और तापसी पर हमला करते हुए आतंकवादी और गद्दार बताया। कंगना ने अपने एक अन्य ट्वीट में लिखा, हर मिनट नंबर्स बढ़ रहे है, ये सिर्फ वे पैसे हैं जिनका क्लू मिला है। कोई सोच सकता है कि मनी लॉन्ड्रिंग के असली नंबर्स क्या हो सकते हैं। बुलीवुड में टुकड़े गैंग के आतंकवाद रैकेट का पर्दाफाश हो रहा है, ये सिर्फ टैक्सचोर नहीं आतंकवादी हैं।
तापसी अनुराग मामले पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का भी बयान आया है। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई पर सवाल उठाने वाले दोहरे मापदंड अपनाते हैं। 2013 में भी जब इस तरह की कार्रवाई हुई थी तब किसी ने सवाल नहीं उठाया था ।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।
