पत्नी और सालियों से परेशान था इंदौर का नितिन, सरकार को पहले खत लिखा और फिर उठाया ये दर्दनाक कदम

मध्य प्रदेश के इंदौर में एआई इंजिनियर अतुल सुभाष जैसा ही एक मामला सामने आया है। इंदौर के एक युवक ने भी अपनी पत्नी और ससुराल से परेशान होकर आत्म हत्या कर ली। फांसी लगाने से पहले युवक ने एक सुसाइड नोट छोड़ा था, जिसमें उसने अपनी पत्नी और ससुरालवालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

अपडेटेड Jan 21, 2025 पर 9:05 PM
इंदौर में अतुल सुभाष जैसा ही एक मामला सामने आया है

Indore News :  इंदौर में एआई इंजीनियर अतुल सुभाष की आत्महत्या जैसा ही एक मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और ससुराल वालों से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। अधिकारियों को दो पन्नों का सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने अपनी मां से न रोने की अपील की है और युवाओं को शादी से बचने के लिए भी कहा है। मृतक युवक ने अपने सुसाइड नोट में अपनी मां को नहीं रोने को कहा है और साथ नौजवानों को शादी न करने की सलाह भी दी है।

मां के लिए कही ये बात

बता दे कि ये मामला इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र की है। अपने सुसाइड नोट में मृतक ने अपनी पत्नी हर्षा शर्मा, सास सीता शर्मा और पत्नी की बहनों मीनाक्षी और वर्षा शर्मा को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है। मृतक ने अपने सुसाइड नोट में लिखा था कि, “यह सिर्फ मेरी मां के लिए है। मम्मी सुन लो, मेरे जाने के बाद मत रोना और किसी को मत रोने देना। अगर तुम लोग दुखी होगे तो मैं मरने के बाद भी दुखी रहूंगा। मम्मी, मैं आपका बेटा बनकर वापस आऊंगा।" नोट में आगे लिखा था कि, "मैं, नितिन पडियार, भारत सरकार से देश के कानून को बदलने का अनुरोध करता हूं क्योंकि महिलाएं इसका दुरुपयोग कर रही हैं। यदि आप इस कानून और व्यवस्था को नहीं बदलते हैं तो हर दिन कई लड़के और उनके परिवार बर्बाद होते रहेंगे।"


'शादी करने से पहले दोबारा सोचें' 

युवकों को संबोधित करते हुए पडियार ने लिखा, "मैं भारत के सभी युवाओं से शादी पर फिर से सोचने का अनुरोध करता हूं। यदि आप शादी करना चाहते हैं, तो औपचारिक समझौता करने के बाद ही ऐसा करें। अगर किसी को यह समझ आए कि मेरे साथ बुरा हुआ है तो मेरे मरने के बाद मुझे न्याय दिलाएं और अगर समझ ना आए तो खुद की बारी का इंतजार करें। "

बता दें कि बेंगलुरु के एआई इंजीनियर अतुल सुभाष की आत्महत्या ने भी पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था और महिलाओं द्वारा कानूनों के दुरुपयोग के बारे में बहस छेड़ दी थी। बिहार के समस्तीपुर के रहने वाले अतुल सुभाष और यूपी के जौनपुर जिले की रहने वाली निकिता सिंघानिया ने 2019 में शादी की थी। कुछ दिनों बाद दंपति के बीच मतभेद पैदा हो गए, जिसके कारण उन्होंने तलाक के लिए अर्जी दायर की। दुखद रूप से, 9 दिसंबर, 2024 को अतुल सुभाष ने पारिवारिक न्यायालय की न्यायाधीश रीता कौशिक और अपने ससुराल वालों पर व्यापक उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए आत्महत्या कर ली।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।