दिल्ली के बुराड़ी इलाके में गिरी चार मंजिला इमारत, कई लोगों के दबे होने की आशंका, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Building collapses in Delhi Burari : दिल्ली के बुराड़ी में सोमवार शाम बड़ा हादसा हुआ है। बुराड़ी इलाके में चार मंजिला बिल्डिंग गिरने से कई लोग मलबे में दब गए। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। मलबे में दबे लोगों को निकालने की कवायद जारी है

अपडेटेड Jan 27, 2025 पर 9:19 PM
Story continues below Advertisement
दिल्ली में गिरी चार मंजिला इमारत

Building collapses in Delhi Burari  : राजधानी दिल्ली में सोमवार को एक बड़े हादसे की खबर सामने आ रही है। दिल्ली के बुराड़ी इलाके में चार मंजिला इमारत गिरने से हड़कंप मच गया है। मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। वहीं हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस, दमकल और एनडीआरएफ के जवान मौके पर पहुंच गए हैं।

दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) विभाग ने न्यूज एजेंसी PTI को दी गई जानकारी के मुताबिक, बुराड़ी के कौशिक एन्क्लेव में ऑस्कर पब्लिक स्कूल के पास बने घर के अंदर कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। कुल नौ दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंच गई हैं। इमारत गिरने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है।


सामने आई जानकारी के मुताबिक इमारत गिरने के बाद उसके मलबे में 20 लोगों के फंसे होने की आशंका है। टीम ने अब तक 8 लोगों को रेस्क्यू कर बाहर निकाल लिया है। इन सभी लोगों को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।  मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए ऑपरेशन तेजी से चलाया जा रहा है। अभी भी कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। उन्हें निकालने के लिए NDRF की मशीनें भी मंगवाई गई हैं।  अभी जितनी जानकारी आई है उसके मुताबिक इस बिल्डिंग को अंडर कंस्ट्रक्शन बताया जा रहा है। ये भी बताया जा रहा है कि ये 250 गज की चार मंजिला इमारत थी।

वहीं इस घटना पर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि, ये घटना बेहद दुखद है। बुराड़ी से हमारे विधायक संजीव झा को निर्देश दिए हैं कि तुरंत पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ वहां जाकर राहत और बचाव कार्य में प्रशासन की मदद करें। स्थानीय लोगों की भी हर संभव सहायता करें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।