Chandrayaan-3 Mission : चंद्रयान-3 मिशन को लेकर जिस दिन का देश के लोगों को बेसब्री से इंतजार था, आखिर वह दिन आ गया। चंद्रयान-3 ने चंद्रमा की सतह पर सफलता के साथ 'सॉफ्ट लैंडिंग' कर लिया है। इस सफलता को भारत के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। इस सफलता पर उद्योग जगत से जुड़ी कई हस्तियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ISRO और देश के लोगों को बधाई दी है। इस लिस्ट में अदाणी ग्रुप के मालिक गौतम अदाणी, टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन, पेटीएम के CEO विजय शेखर शर्मा, CoinSwitch के को-फाउंडर आशीष सिंघल, ओला इलेक्ट्रिक के CEO भाविश अग्रवाल समेत कई बड़े उद्योगपति शामिल हैं। आइए जानते हैं, किसने क्या कहा।
Chandrayaan-3 : गौतम अदाणी ने ISRO को दी बधाई
गौतम अदाणी ने इस उपलब्धि के लिए ट्वीट करते हुए ISRO को बधाई दी है। उन्होंने अपने ट्वीट में ISRO को संबोधित करते हुए कहा, "आप सचमुच देश का गौरव हैं। किसी देश की स्पेस मिशन को अंजाम देने की क्षमता उसके आत्मविश्वास को दर्शाती है और यह भारत का समय है। यह हमारे 1.4 अरब नागरिकों के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। जय हिन्द।"
Chandrayaan-3 : टाटा संस के चेयरमैन ने क्या कहा?
भारत के चंद्रयान-3 मिशन की सफलता पर टाटा संस के चेयरमैन एन.चंद्रशेखरन ने कहा, यह प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का क्षण है। यह भारत की स्पेस और टेक्नोलॉजी जर्नी में एक अहम मील का पत्थर है। माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और टीम ISRO को बधाई। इससे आने वाली जनरेशन को प्रेरणा मिलेगी।"
ओला इलेक्ट्रिक के CEO का बयान
ओला इलेक्ट्रिक के CEO भाविश अग्रवाल ने भी इस मौके पर ISRO और देश के लोगों को बधाई दी है। उन्होंने कहा, यह हम सभी भारतीयों के लिए कितना गौरवपूर्ण दिन है। इसने हमें बड़े और बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित किया है।"
चंद्रयान-3 की कामयाबी पर पेटीएम के CEO विजय शेखर शर्मा ने भी देश को बधाई दी है। वहीं BSE India ने भी X पर ट्वीट करते हुए लिखा, "इसरो को इस शानदार उपलब्धि के लिए सलाम।" Dream 11 के फाउंडर हर्ष जैन ने भी इस मौके पर अपनी खुशी जाहिर की है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, "भारत चाँद पर है!" CoinSwitch के को-फाउंडर आशीष सिंघल ने भी इस उपलब्धि के लिए ISRO को बधाई दी है। NSE India ने इस मौके पर ट्वीट करते हुए लिखा कि यह भारत के लिए गौरव का क्षण है। चंद्रयान-3 चंद्रमा पर सफलतापूर्वक उतर गया है। इस अद्भुत उपलब्धि के लिए टीम इसरो को बधाई।