दिल्ली के एक वकील विनीत जिंदल को हाल ही में आतंकवादी ऑर्गेनाइजेशन की ओर से जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। दरअसल विनीत जिंदल ने पाकिस्तानी बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी। 17 अक्टूबर को जिंदल ने अपने एक्स वेरिफाइड अकाउंट से एक पोस्ट शेयर की। जिंदल ने दिल्ली पुलिस को आतंकवादी संगठन हिजबुल मुजाहिद्दीन के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज करवाई है। वकील ने दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली के डीसीपी को इस मामले में तुरंत कार्रवाई करने की गुजारिश की है।
एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए विनीत लिखते हैं कि एडवोकेट विनीत जिंदल को इस्लामिक आतंकवादी संगठन हिजबुल मुजाहिद्दीन द्वारा फोन पर धमकी दी जा रही है। पाकिस्तानी क्रिकेटर मोहम्मद रिजवान के क्रिकेट ग्राउंड में नमाज पढ़ने के खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत देने के बाद से ये धमकियां मिल रही हैं।
विनीत ने की थी आईसीसी को शिकायत
ICC चेयरमैन को लिखे गए लेटर में विनीत जिंदल ने लिखा कि क्रिकेट मैच के दौरान रिजवान का नमाज पढ़ना अपने धर्म को जानबूझकर दिखाना, गेम की स्पिरिट के खिलाफ है। इस लेटर को जिंदल ने एक्स पर शेयर करते हुए BCCI, PCB और ICC को भी टैग किया। खेल की स्पिरिट को बनाए रखने के लिए जिंदल ने पाक क्रिकेटर मोहम्मद रिजवान के 6 अक्टूबर को एक मैच के दौरान नमाज अदा करने के खिलाफ शिकायत की थी। शिकायत की एक कॉपी ICC एथिक कमेटी, BCCI और PCB को भी पोस्ट की गई। 14 अक्टूबर को जिंदल ने इस पर पोस्ट को शेयर किया था।
वहीं PCB ने ICC को अहमदाबाद में भारत बनाम पाकिस्तान के मैच के दौरान मैच के गलत कंडक्ट को लेकर भी शिकायत की है। PCB का कहना है कि 2023 वर्ल्ड कप के दौरान पाकिस्तानी जर्नलिस्ट और फैंस को वीजा इश्यू नहीं किए गए। इस मुद्दे को लेकर पीसीबी लगातार एक्स पर पोस्ट भी शेयर कर रही है।