Asia Cup Final: भारत ने अपने नाम किया एशिया कप, सिराज के कहर आगे नहीं टिक पाया श्रीलंका, 50 रन पर आउट हुई पूरी टीम

Asia Cup Final: मोहम्मद सिराज (Mohammed Siraj) ने कहर बरपाता हुआ स्पैल डालकर सात ओवर में 21 रन देकर छह विकेट चटकाये। बारिश के अनुमान के बावजूद श्रीलंका ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया । मैच तीन बजे की बजाय बारिश के कारण 40 मिनट की देरी से शुरू हुआ

अपडेटेड Sep 17, 2023 पर 7:10 PM
Asia Cup Final: भारत ने अपने नाम किया एशिया कप, सिराज के कहर आगे नहीं टिक पाया श्रीलंका

Asia Cup Final: भारत (India) ने आठवीं बार एशिया कप (Asia Cup) अपने नाम कर लिया है। छह विकेट लेने वाले मोहम्मद सिराज (Mohammed Siraj) की तूफानी गेंदबाजी के सामने श्रीलंका (Sri Lanka) की टीम ढेर हो गई। रविवार को फाइनल में श्रीलंका की पूरी टीम 50 रन पर आउट कर और टीम इंडिया ने 37 गेंद में लक्ष्य हासिल करके दस विकेट से एशिया कप का फाइनल मैच जीत लिया।

सिराज ने कहर बरपाता हुआ स्पैल डालकर सात ओवर में 21 रन देकर छह विकेट चटकाये। बारिश के अनुमान के बावजूद श्रीलंका ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया । मैच तीन बजे की बजाय बारिश के कारण 40 मिनट की देरी से शुरू हुआ ।

श्रीलंकाई बल्लेबाजों को सिराज के रूप में एक दूसरे ही तूफान का सामना करना पड़ा। उनकी गेंदबाजी के सामने श्रीलंका की टीम 15 . 2 ओवर ही टिक सकी जो भारत के खिलाफ वनडे में उनका दूसरा सबसे कम स्कोर था। सुपर फोर स्टेज के आखिरी मैच में बांग्लादेश से हारने वाले भारत ने बिना कोई विकेट गंवाये 6 . 1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।


ईशान किशन 18 गेंद में तीन चौकों के साथ 23 और शुभमन गिल 19 गेंद में छह चौकों के साथ 27 रन बनाकर नाबाद रहे ।

वर्ल्ड कप (World Cup) से पहले भारतीय टीम अब आस्ट्रेलिया के खिलाफ 22 सितंबर से तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलेगी ।

अपनी जबर्दस्त गेंदबाजी के दम पर एक ओवर में चार विकेट लेने वाले सिराज वनडे के इतिहास में चौथे गेंदबाज हो गए । वनडे क्रिकेट में सबसे तेजी से पारी के पांच विकेट लेने के श्रीलंका के पूर्व तेज गेंदबाज चमिंडा वास के रिकॉर्ड की भी उन्होंने बराबरी की।

Asia Cup 2023: वनडे में सबसे तेज 150 विकेट लेने वाले भारतीय स्पिनर बने कुलदीप यादव, दो दिन में झटके 9 विकेट

जसप्रीत बुमराह ने पहले ओवर की तीसरी गेंद पर कुसल परेरा को पवेलियन भेजा । कोलंबो की बजाय इंग्लैंड की सी लग रही पिच पर सिराज को सिर्फ सही लैंग्थ से गेंदबाजी करनी थी ।

उन्होंने चौथे ओवर में पहली, तीसरी, चौथी और छठी गेंद पर विकेट चटकाये । पाथुम निसांका, सदीरा समरविक्रमा, चरित असलांका और धनंजय डिसिल्वा उनके शिकार बने । निसांका ने प्वाइंट पर रविंद्र जडेजा को कैच थमाया ।

समरविक्रमा पगबाधा आउट हुए जबकि असलांका ने फुललैंग्थ गेंद पर फुटवर्क का इस्तेमाल किये बिना कवर्स में ईशान किशन को कैच थमाया ।

डिसिल्वा ने सिराज की हैट्रिक नहीं होने दी लेकिन वह भी विकेट के पीछे केएल राहुल को कैच देकर अगली गेंद पर पवेलियन लौट गए।

सिराज ने श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका और कुसल मेंडिस के भी विकेट लिये। सिराज का स्पैल होने के बाद हार्दिक पंड्या ने भी तीन विकेट चटकाए।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।