भारत में इस वक्त क्रिकेट विश्व कप (ICC Cricket World Cup 2023) खेला जा रहा है। अब इस खेल के दीवानों के लिए एक और बड़ी खबर है। दरअसल साल 2028 में होने वाले लॉस एंजेलिस ओलंपिक आयोजन में क्रिकेट को भी शामिल किया जाएगा। इसके अलावा फ्लैग फुटबॉल और बेसबॉल को भी ओलंपिक में शामिल किया जाएगा। मीडिया में चल रही खबरों के मुताबिक ओलंपिक 2028 में क्रिकेट को शामिल किया जाएगा। इससे पहले आखिरी बार साल 1900 में पेरिस में हुए ओलंपिक में क्रिकेट को शामिल किया गया था। अब लगभग 128 साल बाद ओलंपिक में क्रिकेट खेला जाएगा।
इंटरनेशनल ओलंपिक कमेटी को रिकमेंड किया गया फैसला
क्रिकेट को ओलंपिक में शामिल करने के फैसले को इंटरनेशनल ओलंपिक कमेटी को रिकमेंड भी कर दिया गया है। हालांकि अभी तक क्रिकेट को ओलंपिक में शामिल करने को लेकर कोई भी आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है। लेकिन ऐसी उम्मीदें हैं कि इस हफ्ते के अंत में 15 और 16 अक्टूबर को इंटरनेशनल ओलंपिक कमेटी के सेशन में इसका ऐलान किया जा सकता है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक लॉस एंजेलिस 2028 ओलंपिक प्रजेंटेशन के दौरान ICC ने मेंस और वुमेंस की 6 टीम वाले टी20 टूर्नामेंट ओलंपिक में कराने की सिफारिश की थी। इसमें टॉप 6 रैंकिंग पर काबिज टीमें हिस्सा ले सकेंगी। ICC ने ओलंपिक में टी-20 फार्मैट को सबसे अच्छा ऑप्शन माना था। हालांकि अभी ऐसा नहीं कहा जा सकता है कि ICC ने इसे अंतिम रूप दे दिया है। क्रिकेट को अब उन देशों में भी खेला जा रहा है जहां पहले इसे नहीं खेला जाता था। जिस वजह से धीरे-धीरे इस खेल को ओलंपिक में शामिल करने की आवाज लगातार ही बुलंद की जा रही थी। इस खेल को ओलंपिक में आखिरी बार साल 1900 में पेरिस ओलंपिक में शामिल किया गया था। तब ग्रेट ब्रिटेन की टीम ने फ्रांस को हराते हुए गोल्ड मेडल जीता था।