ICC World Cup 2023: मुंबई के वानखेड़े स्डेडियम में खेले गए मुकाबले में साउथ अफ्रीका की टीम ने डिफेंडिग चैंपियन इंग्लैंड की टीम का धागा खोल दिया। साउथ अफ्रीका की इस जीत के हीरो टीम के गेंदबाजों समेत हेनरिक क्लासेन और मार्को यानसेन रहे। पहली पारी में जहां बल्लेबाजी करते हुए पहले प्रोटियाज बल्लेबाजों ने अंग्रेज गेंदबाजों की खूब जम कर खबर ली तो वहीं दूसरी पारी में साउथ अफ्रीकन गेंदबाजों ने अंग्रेजी बैटिंग लाइनअप को ताश के पत्तों की तरह ढहा दिया। साउथ अफ्रीकन टीम ने अंग्रेज टीम को 229 रनों की करारी शिकस्त दी है।
इस मैच में टॉस जीत कर अंग्रेज कप्तान जॉस बटलर ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पिछले कुछ मैचों से लगातार शानदार फॉर्म में चल रहे ओपनर बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक सस्ते में आउट हो गए। पर उसके बाद रीजा हेंड्रिक्स और रासी वेन डर डुसेन ने दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी को अंजाम देते हुए टीम को एक मजबूत स्थिति में लाकर खड़ा कर दिया। हालांकि मैच में तगड़ा रोमांच तब पैदा हुआ जब क्रीज पर हेनरिक क्लासेन और मार्को यानसन की बल्लेबाजी शुरू हुई। जहां हेनरिक क्लासेन ने चौकों और छक्कों की आतिशबाजी करते हुए धुआंधार शतक जड़ा तो वहीं उनका साथ देने वाले मार्को यानसन भी पीछे नहीं रहे। उन्होंने भी धमाकेदार अर्धशतक लागाया। दूसरी पारी में चेस करने के लिए साउथ अफ्रीकी टीम ने अंग्रेजों को 400 रनों का विशाल लक्ष्य दिया।
ताश के पत्तों की तरह बिखरी अंग्रेजी पारी
400 रनों के पहाड़ से स्कोर का पीछा करने उतरे अंग्रेज बल्लेबाज क्रीज पर आया राम और गया राम की कहावत को सच साबित करते दिखे। फिर चाहे वह जो रूट हों, डेविट मलान हों, जॉनी बेरिस्टो हों या फिर कप्तान जॉस बटलर रहे हों। कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर टिक कर नहीं खेल सका। एक नियमित अंतराल पर अंग्रेजी बल्लेबाज आउट होकर पवेलियन की तरफ रवाना होते नजर आए। केवल पुछल्ले बल्लेबाजों में एटकिंसन 35 रन और मार्क वुड 43 रन की जुझारू पारी खेल सके। अंग्रेज बल्लेबाज 22 ओवरों में 170 रन ही बना सके।