IND vs SA: टीम सिलेक्शन से 90 मिनट पहले मुझे ODI टीम की कप्तानी से हटाया- विराट कोहली

कोहली ने ये भी कहा कि वे साउथ अफ्रीका टूर में ODI सीरीज के लिए भी मौजूद रहेंगे

अपडेटेड Dec 15, 2021 पर 4:55 PM
Story continues below Advertisement
दक्षिण अफ्रीका में वनडे खेलेंगे विराट कोहली (FILE)

भारतीय टेस्ट कप्तान विराट कोहली ने बुधवार को कहा कि दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए टीम सिलेक्शन से 90 मिनट पहले उन्हें ODI टीम की कप्तानी से हटाया गया। साथ उन्होंने BCCI के उस दावे को भी खारिज कर दिया कि उन्हें T20 टीम की कप्तानी छोड़ने पर दोबारा विचार करने को कहा था। कोहली ने ये भी कहा कि वे साउथ अफ्रीका टूर में ODI सीरीज के लिए भी मौजूद रहेंगे।

दक्षिण अफ्रीका दौरे पर रवाना होने से पहले प्रेस कांफ्रेंस में भारतीय कप्तान ने सभी कड़े सवालों का जवाब दिया और कहा कि वह सीमित ओवरों की टीम के नए कप्तान रोहित शर्मा और मुख्य कोच राहुल द्रविड़ के विजन का पूरा समर्थन करेंगे। उन्होंने कहा कि वह समझ सकते हैं कि ICC के T20 और ODI टूर्नामेंटों में ट्रॉफी नहीं जीत पाने के कारण उन्हें हटाया गया।

BCCI अध्यक्ष सौरव गांगुली के इस बयान के संदर्भ में कि बोर्ड ने उनसे आग्रह किया था कि वह कप्तानी नहीं छोड़ें क्योंकि सीमित ओवरों के फॉर्मेट में दो कप्तान होना शायद सही नहीं होगा, कोहली ने कहा, "जो फैसला किया गया उसे लेकर जो भी बातचीत हुई, उसके बारे में जो भी कहा गया वो गलत है।"


उन्होंने कहा, "आठ दिसंबर को टेस्ट सीरीज के लिए सिलेक्शन बैठक से डेढ़ घंटा पहले मेरे साथ कॉन्टैक्ट किया गया और इससे पहले T20 कप्तानी को लेकर मेरे फैसले की घोषणा के बाद से मेरे साथ कोई बातचीत नहीं की गई था।"

कोहली ने कहा, "मेन सिलेक्टर ने टेस्ट टीम पर चर्चा की जिस पर हम दोनों सहमत थे। बात खत्म करने से पहले मुझे बताया गया कि पांच सिलेक्टर्स ने फैसला किया है कि मैं वनडे अंतरराष्ट्रीय कप्तान नहीं रहूंगा जिस पर मैंने कहा ठीक है, कोई बात नहीं।"

अगले सवाल पर हालांकि कोहली और BCCI पदाधिकारियों के बीच के मतभेद सामने आ गए। लेकिन आपने कहा था कि आप सिर्फ 2023 ODI इंटरनेशनल वर्ल्ड कप तक कप्तान बने रहना चाहते हो? इस पर कोहली ने हंसते हुए पूछा, "क्या यह सवाल था?"

इस पर पत्रकारों ने दोबारा पूछा, "हां, यह सवाल है क्योंकि आपने कहा था कि आप भारत की वनडे टीम का कप्तान बने रहना चाहते हैं।"

कोहली ने कहा, "जब मैंने T20 कप्तानी छोड़ी तो मैंने पहले BCCI से बात की और उन्हें अपने फैसले के बारे में बताया और उनके (पदाधिकारियों) सामने अपना नजरिया रखा।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।