Indian Cricket Team 2024 Schedule: साल 2024 नए इवेंट्स के साथ दस्तक दे चुका है। नए साल का आगाज भारतीय टीम ने अपने धुंआधार खेल के साथ किया। अफ्रीकी दौरे पर गई भारतीय टीम ने टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला तीन जनवरी से सात जनवरी के बीच केपटाउन में खेला। इस रोमांचक मुकाबले में रोहित एंड कंपनी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सात विकेट से जीत हासिल करने में कामयाब हुई। मैच के दौरान तेज गेंदबाजों का प्रदर्शन काबिले तारीफ रहा। खासकर जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) और मोहम्मद सिराज (Mohammad Siraj) ने तो बल्लेबाजों की नाक में ही दम कर दिया। इन दोनों गेंदबाजों की कहर बरपाती गेंदबाजी के बदौलत ब्लू टीम ने सीरीज को 1-1 की बराबरी पर समाप्त कर कामयाबी हासिल की।
अफगानिस्तान के साथ हुई भिड़ंत
भारतीय टीम की अगली भिड़ंत अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के साथ हुई। इस सीरीज के दोनों मुकाबलों में तो 'हिटमैन का बल्ला बिल्कुल खामोश रहा, लेकिन आखिरी मुकाबले में उन्होंने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। आखिरी मुकाबले में वह अपने टी20 इंटरनेशनल करियर का पांचवां शतक लगाने में कामयाब हुए। उन्होंने सबसे अधिक उम्र में ऐसा करिश्मा करने वाले क्रिकेटर का भी खिताब जीत लिया।
सीरीज के दौरान ब्लू टीम ने पहले मोहाली में मेहमान टीम को छह विकेट से करारी शिकस्त दी। इसके बाद इंदौर में भी छह विकेट से सफलता हासिल करने में कामयाब रही। आखिरी मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। मैच का नतीजा दो सुपर ओवर से निकाला गया, लेकिन यहां भी भारतीय टीम बाजी मारने में कामयाब रही और सीरीज को 3-0 से अपने नाम किया।
भारतीय टीम का अगला मुकाबला इंग्लैंड क्रिकेट टीम के साथ है। दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज 25 जनवरी से खेली जाएगी। इसके बाद भी टीम के कई अहम मुकाबले हैं। बात करें इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बाद भारतीय के साल 2024 में खेले जाने वाले सभी मुकाबलों के बारे में तो वो कुछ इस प्रकार हैं-
-मिड मार्च से मई महीने तक आईपीएल 2024 रहेगा
- आईपीएल के बाद भारतीय खिलाड़ी चार जून से 30 जून के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2024 में शिरकत करेंगे
- टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद भारतीय टीम जुलाई में श्रीलंका का दौरा करेगी। इस बीच तीन मैचों की वनडे और तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी।
- श्रीलंका दौरे के बाद सितंबर में बांग्लादेश की टीम भारतीय दौरे पर आएगी। इस दौरान दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की टी20 और दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी।
- अक्टूबर में न्यूजीलैंड की टीम भारतीय दौरे पर आएगी. इस दौरान दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी.
- नवंबर-दिसंबर में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टेस्ट श्रृंखला खेली जाएगी।
भारतीय क्रिकेट फैंस को टी20 वर्ल्ड कप का बेसब्री से इंतजार है। उन्हें ODI वर्ल्ड कप के फाइनल में मिली शिकस्त का काफी दुख है। वो अपनी फेवरेट टीम को एक बार ICC टूर्नामेंट की ट्रॉफी के साथ देखना चाहते हैं। देखना ये है कि साल की शुरुआत से जीत का आगाज कर रही भारतीय टीम भारतीय फैंस को ये तोहफा दे पाएगी या नहीं।