IPL 2022: महेंद्र सिंह धोनी ने छोड़ी चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी, रवींद्र जडेजा बने CSK के नए कप्तान

महेंद्र सिंह धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी छोड़ दी है, उनकी जगह ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को कमान सौंपी गई है

अपडेटेड Mar 24, 2022 पर 3:09 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
जड़ेडा सीएसके टीम के तीसरे कप्तान होंगे

IPL 2022: शनिवार से शुरू हो रहे इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। महेंद्र सिंह धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी छोड़ दी है। धोनी की जगह ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को चेन्नई सुपर किंग्स का नया कप्तान बनाया गया है। धोनी अब केवल केवल एक खिलाड़ी के तौर पर आईपीएल में खेलेंगे। जडेजा 2012 से CSK टीम के साथ बने हुए हैं।

जड़ेडा सीएसके टीम के तीसरे कप्तान होंगे। आईपीएल के पहले सीजन यानी 2008 से ही एमएस धोनी ही टीम की कमान संभाल रहे थे। धोनी ने 213 मैच में कप्तानी करते हुए टीम को 130 मैच में जीत दिलाई है। इस दौरान बीच में सुरेश रैना ने भी छह मैचों में कप्तानी की है, जिसमें से टीम ने दो मैच जीते थे।

IPL रिकॉर्ड में चेन्नई अब पांच खिताब (2010, 2011, 2018, 2021) जीत चुकी है और 5 बार उपविजेता (2008, 2012, 2013, 2015, 2019) रही है। बता दें कि मुंबई में शनिवार (26 मार्च) से शुरू हो रहे IPL में इस साल दर्शक स्टेडियम में बैठकर मैचों का आनंद ले पाएंगे।


ये भी पढ़ें- IPL 2022: ये हैं दो नई फ्रेंचाइजी समेत 10 टीमों की ताकत, देखें टॉप भारतीय और विदेशी खिलाड़ियों की पूरी लिस्ट

आयोजकों ने बुधवार को बताया कि स्टेडियम की कुल क्षमता के 25 प्रतिशत दर्शकों को एंट्री की अनुमति मिल गई है। मौजूदा चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स शनिवार को वानखेड़े स्टेडियम में आईपीएल 2022 के पहले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स से भिड़ेगा।

चेन्नई के प्रमुख भारतीय खिलाड़ियों की बात करें तो उनमें महेंद्र सिंह धोनी, तेज गेंदबाज दीपक चाहर हैं। चाहर को टीम द्वारा 1.85 मिलियन डॉलर में वापस खरीदा गया था। चेन्नई टीम ने इस बार जडेजा और धोनी समेत चार खिलाड़ियों को रिटेन किया था।

जडेजा को टीम ने 16 करोड़ रुपए में रिटेन किया था, जबकि धोनी को इस सीजन के लिए 12 करोड़ रुपए में ही रिटेन किया। इससे यह शुरुआत में ही अंदाजा लग गया था कि जडेजा को कप्तान बनाया जा सकता है। उनके अलावा मोईन अली को आठ करोड़ और ऋतुराज गायकवाड़ को छह करोड़ रुपए में रिटेन किया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।