सेल्फी विवाद के बाद क्रिकेटर पृथ्वी शॉ से हाथापाई करने वाली लड़की गिरफ्तार, जानिए क्या है पूरा मामला

आरोपी महिला सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं जिनका नाम सपना गिल है और उन्हें कल यानी 17 फरवरी को कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस मामले में और गिरफ्तारियां होने की उम्मीद है। हालांकि आरोपी पक्ष की ओर से कोई क्रास एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई है

अपडेटेड Feb 16, 2023 पर 10:37 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं सपना गिल को 17 फरवरी को कोर्ट में पेश किया जाएगा

युवा भारतीय सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ के साथ सेल्फी को लेकर हाथापाई करने वाली लड़की को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी महिला सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं जिनका नाम सपना गिल है। उन्हें आज गुरुवार को ओशिवाड़ा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सपना गिल को कल यानी 17 फरवरी को कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस मामले में और गिरफ्तारियां होने की उम्मीद है। हालांकि आरोपी पक्ष की ओर से कोई क्रास एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई है। बता दें कि पृथ्वी शॉ 15 फरवरी को मुंबई के सहारा होटल में अपने दोस्तों के साथ डिनर के लिए पहुंचे थे, जहां उनका सेल्फी को लेकर कुछ लोगों के साथ विवाद हो गया था। पृथ्वी शॉ ने कुछ लोगों को सेल्फी के लिए यह कहते हुए मना कर दिया था कि वे अभी अपने दोस्तों के साथ डिनर के लिए आए हैं और परेशान नहीं होना चाहते।

आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

मुंबई में होटल के बाहर क्रिकेटर शॉ के दोस्त की कार पर हमला करने के आरोप में ओशिवाड़ा पुलिस ने 15 फरवरी को आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। शॉ के दोस्त आशीष सुरेंद्र यादव द्वारा की गई शिकायत के अनुसार, पहले शॉ को ले जा रही कार पर बेसबॉल के बल्ले से हमला किया गया, फिर आरोपी ने कार का पीछा किया और पैसे नहीं देने पर झूठे मुकदमे की धमकी दी।

महिला ने लगाए ये आरोप


ध्यान देने वाली बात यह है कि महिला ने पृथ्वी शॉ और उसके दोस्तों पर मुंबई के 5-सितारा होटल के बाहर उसका शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया था। गिल ने आरोप लगाया कि जब पृथ्वी शॉ और उसके दोस्तों ने महिला के साथ मारपीट की तो पृथ्वी शॉ हाथ में डंडा लिए हुए था। सपना गिल के वकील अली काशिफ ने कहा, "सपना पर पृथ्वी द्वारा हमला किया गया था। पृथ्वी के हाथ में एक छड़ी देखी गई थी। पृथ्वी के दोस्तों ने पहले ग्रुप पर हमला किया। सपना फिलहाल ओशिवाड़ा पुलिस स्टेशन में है। पुलिस उसे मेडिकल के लिए जाने की अनुमति नहीं दे रही है।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।