ICC World Cup 2023: भारत की मेजबानी में खेले जा रहे विश्व कप में पाकिस्तानी टीम का प्रदर्शन बेहद ही निराशा भरा रहा है। यह टीम लगभग सेमीफाइनल से बाहर भी हो गई है। अब पाकिस्तानी टीम को एक और बड़ा झटका लगा है। पाकिस्तान के नेशनल चैनलों पर दिखाए जा रहे पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम की लीक हुई WhatsApp चैट ने पाकिस्तान की क्रिकेट बिरादरी को निराश कर दिया है। सोमवार को पाकिस्तान के फेमस मीडिया चैनल RY न्यूज ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के सीओओ सलमान नसीर के साथ बाबर की चैट के स्क्रीनशॉट को दिखाया।
बाबर की चैट में नसीर ने उनसे बोर्ड प्रमुख को कॉल करने पर प्रतिक्रिया मिलने के बारे में सवाल किया था। इस पर बाबर ने जवाब दिया कि उन्होंने कभी जका अशरफ को नहीं बुलाया। हालांकि अब न्यूज एंकर ने इस लीक वॉट्सऐप चैट के स्क्रीनशॉट पर माफी भी मांगी है। लेकिन अब पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर्स इस हरकत के लिए मीडिया पर निशाना साध रहे हैं। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और दिग्गज ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी ने न्यूज चैनल की इस हरकत की निंदा करते हुए इसे घटिया हरकत बताया।
समा टीवी से बात करते हुए अफरीदी ने कहा कि मैं ये कहूंगा ये घटिया हरकत है। ऐसा नहीं किया जा सकता। हम अपने मुल्क को खुद ही बदनाम कर रहे हैं। आप किसी के निजी संदेश इस तरह कैसे दिखा सकते हैं, और वह भी हमारे कप्तान बाबर आजम के? मैंने कहीं खबरों में सुना है कि बाबर पीसीबी चीफ से बात करने की कोशिश कर रहा है पर वो जवाब नहीं दे रहे हैं। मुझे समझ नहीं आ रहा कि ऐसा क्यों किया गया है। इसके बाद इसे नेशनल टेलीवीजन पर क्यों दिखाया जा रहा है। क्या पीसीबी चेयरमैन ने उनसे ऐसा करने के लिए कहा था? कम से कम एंकर ने तो यही कहा। यह कैसा व्यवहार है? और अगर चेयरमैन ने वास्तव में ऐसा किया है, तो मुझे बहुत खेद है।