World Cup 2023: विश्व कप फाइनल में होगी चाक चौबंद सुरक्षा, अहमदाबाद पुलिस ने बताया, 6000 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात

World Cup 2023: अहमदाबाद के पुलिस कमिश्नर जीएस मलिक ने कहा कि प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलियाई उप प्रधानमंत्री रिचर्ड मार्ल्स उन प्रमुख हस्तियों में से होंगे, जिनके शहर के मोटेरा इलाके में ICC क्रिकेट वर्ल्ड कप के फाइनल के दौरान मौजूद रहने की उम्मीद है। मलिक ने कहा कि RAF की एक कंपनी स्टेडियम के अंदर तैनात की जाएगी, जबकि दूसरी कंपनी स्टेडियम के बाहर तैनात होगी

अपडेटेड Nov 18, 2023 पर 10:46 PM
World Cup 2023: भारत और इंग्लैंड के बीच आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप 2023 मैच से पहले सुरक्षा ब्रीफिंग के दौरान पुलिस कर्मी

World Cup 2023: मेजबान भारत (India) और पांच बार के चैंपियन ऑस्ट्रेलिया (Australia) के बीच रविवार 19 नवंबर को यहां विश्व कप फाइनल (World Cup Final) के दौरान अहमदाबाद शहर और नरेंद्र मोदी स्टेडियम (Narendra Modi Stadium) में 6000 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। अहमदाबाद के पुलिस कमिश्नर जीएस मलिक ने कहा कि प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलियाई उप प्रधानमंत्री रिचर्ड मार्ल्स उन प्रमुख हस्तियों में से होंगे, जिनके शहर के मोटेरा इलाके में ICC क्रिकेट वर्ल्ड कप के फाइनल के दौरान मौजूद रहने की उम्मीद है।

मलिक ने यहां मीडिया को बताया कि स्टेडियम में एक लाख से ज्यादा दर्शकों की आवाजाही और कई गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति को ध्यान में रखते हुए गुजरात पुलिस, रेपिड एक्शन फोर्स (RAF), होम गार्ड के जवानों के साथ विस्तृत सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

मलिक ने कहा, "यह सुनिश्चित करने के लिए कि यह प्रतिष्ठिता मुकाबला बिना किसी परेशानी के संपन्न हो, 6000 से ज्यादा पुलिस कर्मियों को तैनात किया जाएगा। इन छह हजार कर्मियों में से लगभग तीन हजार को स्टेडियम के अंदर तैनात किया जाएगा, जबकि बाकियों को अन्य प्रमुख स्थानों, जैसे होटल जहां खिलाड़ी और दूसरे गणमान्य व्यक्ति ठहरेंगे, की सुरक्षा के लिए तैनात किया जाएगा।"


कैसी होगी सुरक्षा?

मलिक ने कहा कि RAF की एक कंपनी स्टेडियम के अंदर तैनात की जाएगी, जबकि दूसरी कंपनी स्टेडियम के बाहर तैनात होगी। उन्होंने बताया कि शहर पुलिस ने कार्यक्रम स्थल के अंदर वायरलेस नेटवर्क से लैस एक अस्थायी कमांड और नियंत्रण केंद्र बनाया है, जो मोबाइल संचार के विफल होने पर भी काम करेगा।

मलिक ने कहा कि महानिरीक्षक और उप महानिरीक्षक पद के चार वरिष्ठ IPS अधिकारी और 23 पुलिस उपायुक्त मैच के दिन कर्मियों की निरीक्षण और मार्गदर्शन करेंगे। मलिक ने कहा कि 39 सहायक पुलिस आयुक्त और 92 पुलिस निरीक्षक उनकी सहायता करेंगे।

अहमदाबाद पुलिस प्रमुख ने कहा कि मैच के दौरान किसी भी रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल और परमाणु (CBRN) आपात स्थिति का जवाब देने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीमों को भी शहर में तैनात किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि ‘बम डिटेक्शन और डिस्पोजल दस्ते’ की 10 टीमों के साथ-साथ चेतक कमांडो की दो टीमें, एक विशिष्ट इकाई स्टेडियम के पास तैनात रहेंगी।

यह पूछे जाने पर कि क्या पुलिस को संभावित खतरे के संबंध में कोई जानकारी मिली है तो मलिक ने कहा कि मीडिया को भारत के बाहर बैठे अज्ञात व्यक्तियों द्वारा जारी की गई ऐसी धमकियों को उजागर नहीं करना चाहिए।

World Cup 2023: एक खेल, एक इंडस्ट्री और एक सॉफ्ट पावर, PM मोदी की मौजूदगी से लेकर एयर-शो तक होगा भव्य समारोह

उन्होंने कहा, "हम किसी भी खतरे के लिए अच्छी तरह से तैयार हैं। कनाडा या किसी अन्य देश में बैठे कुछ लोग सिर्फ धमकी भरा ईमेल भेजते हैं या किसी धमकी का ऑडियो या वीडियो साझा करते हैं और मीडिया इसकी हाईप बना देता है। मेरा मानना है कि ऐसी चीजों पर ध्यान देने की कोई जरूरत नहीं है।"

स्टेडियम में फाइनल मैच के दौरान मौजूद रहने वाले अन्य गणमान्य व्यक्तियों में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भारत में अमेरिकी राजदूत एरिक गार्सेटी, सिंगापुर के गृह मामलों और कानून मंत्री के. शनमुगम, तमिलनाडु के मंत्री उदयनिधि स्टालिन, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा और मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनरेड संगमा शामिल हैं।

भारतीय वायु सेना की प्रसिद्ध सूर्य किरण एरोबेटिक्स टीम रविवार को मैच से पहले एक एयर शो भी करेगी। एक लाख 32 हजार दर्शकों की क्षमता वाले स्टेडियम में मैच दोपहर दो बजे शुरू होगा। भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में अब तक अपने सभी 10 मुकाबले जीते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।