Get App

गुजरात के बाद चक्रवाती तूफान Tauktae की आज राजस्थान में होगी एंट्री, कई जिलों में बारिश शुरू

मौसम विभाग के मुताबिक राज्सथान में मंगलवार देर रात और बुधवार को टाउते तूफान का असर रहेगा

MoneyControl Newsअपडेटेड May 19, 2021 पर 9:12 AM
गुजरात के बाद चक्रवाती तूफान Tauktae की आज राजस्थान में होगी एंट्री, कई जिलों में बारिश शुरू

अरब सागर से उठे चक्रवाती तूफान ताउते (Cyclone Tauktae Live Updates) गुजरात से निकलकर अब राजस्थान की तरफ बढ़ रहा है। ताउते के असर से बीते 24 घंटे में राजधानी जयपुर सहित राजस्थान के अनेक हिस्सों में बारिश दर्ज की गई है। चक्रवाती तूफान मंगलवार शाम तक डिप्रेशन के रूप में राजस्थान में प्रवेश करेगा। अनुमान के मुताबिक, मंगलवार देर रात और बुधवार को राजस्थान में टाउते तूफान का असर रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य के सात जिलों में भारी बारिश होगी।

कई जिलों में बारिश और हवाओं का दौर शुरू हो चुका है। इस दौरान सबसे अधिक 50 मिली. बारिश भीलवाड़ा में दर्ज की गई है। इसी तरह चित्तौड़गढ़ में 25 मिमी. , डबोक में 20.6 मिमी., वनस्थली में 20 मिमी, सवाई माधोपुर में 16 मिमी , बूंदी में 14 व अजमेर में 11.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने ताउते के असर से मंगलवार को उदयपुर, सिरोही, राजसमंद, डूंगरपुर, पाली और जालौर जिले में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

वहीं, राजधानी जयपुर में कल देर रात से ही बूंदाबांदी एवं बारिश हो रही है। सुबह साढ़े आठ बजे तक 2.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है। तूफान के कमजोर पड़ने से अब 40-50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से ही हवा चलेगी। पहले अनुमान था कि हवा की गति 60 किमी तक रह सकती है। मौसम विभाग ने इस सिस्टम के कारण उदयपुर और जोधपुर संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश की आशंका जताई है। इसके कारण मंगलवार को पूरे राज्य में बादल छाए रहे।

गुजरात में चक्रवात ताउते से जुड़ी घटनाओं में कम से कम सात लोगों की जान चली गई, जबकि इसकी वजह से तटीय इलाकों में भारी नुकसान हुआ, बिजली के खंभे तथा पेड़ उखड़ गए तथा कई घरों एवं सड़कों को भी नुकसान पहुंचा है। मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने कहा कि चक्रवाती तूफान की वजह से 16,000 से ज्यादा घरों को नुकसान पहुंचा है, जबकि 40 हजार से ज्यादा पेड़ और एक हजार से ज्यादा बिजली के खंभे इसकी वजह से उखड़ गए।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें.

सब समाचार

+ और भी पढ़ें