Delhi Air Quality: दिल्ली की हवा फिर हुई जहरीली, GRAP-3 लागू करने का ऐलान, IMD को बारिश की उम्मीद

Delhi Air Quality: GRAP-3 के लागू होने के चलते दिल्ली-NCR में अब कई चीजों पर रोक लग जाएगी। इसके तहत कंस्ट्रक्शन और तोड़फोड़ के साथ-साथ सभी गैर-जरूरी माइनिंग एक्टिविटी पर रोक रहेगी। इसके अलावा, नॉन-इलेक्ट्रिक, नॉन-सीएनजी और नॉन-बीएस-VI डीजल इंटरस्टेट बसों पर प्रतिबंध रहेगा

अपडेटेड Jan 29, 2025 पर 7:47 PM
Story continues below Advertisement
Delhi Air Quality: दिल्ली-NCR में एक बार फिर लोगों को जहरीली हवा के चलते सांस लेने में दिक्कत हो रही है।

Delhi Air Quality: दिल्ली-NCR में एक बार फिर लोगों को जहरीली हवा के चलते सांस लेने में दिक्कत हो रही है। इसके चलते कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) ने आज से ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के स्टेज 3 को फिर से लागू करने की घोषणा की है। GRAP-3 की पाबंदियां लागू होने से अब दिल्ली-NCR में कई चीजों पर रोक लग जाएगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक बुधवार को दिल्ली की एयर क्वालिटी 'गंभीर' स्तर तक खराब हो गई।

दिल्ली के AQI में आज 29 जनवरी को तेज उछाल देखा गया। यह 28 जनवरी को 276 था, जो आज शाम 4 बजे तक 365 के स्तर तक पहुंच गया। इसकी वजह वेरिएबल डायरेक्शन/शांत हवाएं, स्मॉग की स्थिति, लो मिक्सिंग हाइट्स और प्रदूषकों के फैलाव के लिए वेंटिलेशन गुणांक है।

GRAP-3 के बाद होंगी ये पाबंदियां


GRAP-3 के लागू होने के चलते दिल्ली-NCR में अब कई चीजों पर रोक लग जाएगी। इसके तहत कंस्ट्रक्शन और तोड़फोड़ के साथ-साथ सभी गैर-जरूरी माइनिंग एक्टिविटी पर रोक रहेगी। इसके अलावा, नॉन-इलेक्ट्रिक, नॉन-सीएनजी और नॉन-बीएस-VI डीजल इंटरस्टेट बसों पर प्रतिबंध रहेगा। इसमें दिल्ली-एनसीआर में कक्षा 5 तक के स्कूलों को बंद करने का सुझाव भी दिया गया है।

इसके अलावा, आज से बीएस-III पेट्रोल और बीएस-IV डीजल फोर-व्हीलर के चलने पर रोक लगा दिया जाएगा। वहीं, कमर्शियल व्हीकल को राष्ट्रीय राजधानी में एंट्री करने पर प्रतिबंध लगा दिया जाएगा। आधिकारिक सूचना के अनुसार, स्टेज I, II और III के तहत कार्रवाई को लागू किया जाएगा, समीक्षा की जाएगी और निगरानी की जाएगी ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि एयर क्वालिटी खराब न हो।

IMD ने बारिश का जताया अनुमान

बता दें कि दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में फरवरी की शुरुआत में बारिश हो सकती है, क्योंकि जनवरी के अंत में एक के बाद एक दो पश्चिमी विक्षोभ आने की उम्मीद है। यह जानकारी रविवार को मौसम अनुमान में दी गई है। बारिश से दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में हवा की गुणवत्ता में सुधार की उम्मीद है।

मौसम विभाग (IMD) का अनुमान है कि पहला पश्चिमी विक्षोभ 29 जनवरी को ऊपरी हिमालय पर सक्रिय होगा, इसके तुरंत बाद 1 फरवरी को दूसरा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। अनुमान के मुताबिक जनवरी के आखिरी दिनों में दिल्ली में बारिश हो सकती है। वहीं, 30 जनवरी से 1 फरवरी के बीच पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी आंधी-तूफान आने की संभावना है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।