दिल्ली-एनसीआर में आज (24 जुलाई 2024) सुबह कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई। जिससे दिल्ली वासियों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली है। गाजियाबाद और पूर्वी दिल्ली में सुबह चार बजे से ही झमाझम बारिश शुरू हो गई है। सुबह सुबह ही दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में काली घटाएं छा गई। दिन में ही अंधेरा हो गया। हालांकि नोएडा में कुछ जगहों पर हल्की बारिश हुई है। कई इलाकों में बादल छाए हुए है। बारिश के साथ ही ठंडी हवाएं भी चल रही हैं। IMD ने बुधवार को भी दिल्ली समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अनुमान जताया है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, बागपत और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अन्य इलाकों में आज मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। मौसम एजेंसी ने अगले दो दिनों के लिए राष्ट्रीय राजधानी के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं आज हरियाणा और पंजाब के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।
दिल्ली में अचानक बदला मौसम
दिल्ली का अधिकतम और न्यूनतम तापमान 36 और 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला है. कई इलाकों में भारी बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक है। सावन का महीना आते ही दिल्ली में भी मानसून मेहरबान हो गया है। कई इलाकों में बादल छाए हुए हैं। ठंडी हवाएं चली रही हैं। बारिश होने से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। कई इलाकों में भारी बारिश होने से सड़कों में जलजमाव की स्थिति भी पैदा हो गई। मौसम विभाग के मुताबिक, अब दिल्ली में कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज सुहाना रहेगा।
दिल्ली में प्रदूषण का हाल
दिल्ली में अगर प्रदूषण की बात करें तो केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (Central Pollution Control Board -CPCB) के अनुसार, सुबह आनंद विहार में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 132 दर्ज किया गया। यह “मध्यम” श्रेणी में है।