Delhi Murder: उत्तर-पश्चिमी दिल्ली (Nort West Delhi) के शाहबाद डेयरी इलाके से एक बेहद ही दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 16 साल की लड़की की कथित तौर पर उसके प्रेमी ने चाकू मारकर हत्या (stabbed) कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया (Social Media) पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने सोमवार को ये जानकारी दी और बताया कि आरोपी ने कथित तौर पर उसे पत्थर से कुचल-कुचल कर मारने से पहले कई बार उस पर चाकू से वार किया। हत्या के मामले में आरोपी साहिल गिरफ्तार हो गया।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि 16 साल की बच्ची की हत्या के मामले में आरोपी साहिल गिरफ्तार हो गया है। उसे यूपी के बुलंदशहर से गिरफ्तार किया गया है।
PTI के मुताबिक, पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि लड़की शाहबाद डेयरी में जेजे कॉलोनी की रहने वाली थी। वह सड़क पर बदहवास हालत में मिली। अधिकारी ने बताया कि वह सड़क से गुजर रही थी जब लड़के ने उसे रोका और उस पर हमला कर दिया।
उन्होंने बताया कि दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और शनिवार को उनके बीच झगड़ा हुआ था। रविवार को लड़की अपनी दोस्त के बेटे के जन्मदिन की पार्टी में जा रही थी, जब लड़के ने उसे रास्ते में रोका और उस पर हमला कर दिया।
पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम से ही पुष्टि होगी कि उस पर कितनी बार चाकू से वार किया गया।
पुलिस ने आरोपी की तलाश में जुटी थी, लेकिन उसे अब गिरफ्तार कर लिया गया है। लड़की के पिता की शिकायत के आधार पर शाहबाद डेयरी थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक ने किशोरी पर चाकू से हमला कर दिया और बार-बार वार किया। एक जगह चाकू फंसता हुआ दिखाई दिया और हत्यारे को उसे ढीला करना पड़ा।
फिर उस आदमी ने एक पत्थर उठाया और उसे बार-बार लकड़ी के सिर पर मारा, ये बेहद ही खौफनाक वीडियो है।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, तो बच्ची के शव क्षत विक्षत पड़ा था और उसके चारों ओर खून ही खून फैला था। पुलिस टीमें हत्यारे की तलाश कर रही हैं।
दिल्ली पुलिस उपायुक्त सुमन नलवा ने कहा था, "एक टीम बनाई गई है और जांच की जा रही है। हम जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लेंगे।"
दिल्ली महिला आयोग की प्रमुख स्वाति मालीवाल ने कहा कि इस घटना को लेकर पुलिस को नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने ये वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा, "दिल्ली के शाहबाद डेरी में एक नाबालिग मासूम गुड़िया को चाकू गोद-गोदकर मारा गया और उसके बाद पत्थर से उसे कुचल दिया गया। दिल्ली में दरिंदों के हौसले बुलंद हैं। पुलिस को नोटिस जारी कर रहे हैं। सब हदें पार हो गई हैं। मैंने अपने इतने सालों के करियर में इससे ज्यादा भयानक कुछ नहीं देखा।"