दिल्ली में स्कूल-कॉलेज, कोचिंग इंस्टीट्यूट और जिम को फिर से खोलने की मिली अनुमति, नाइट कर्फ्यू के समय में 1 घंटे की कटौती

राष्ट्रीय राजधानी में नाईट कर्फ्यू का समय रात 10 बजे से बढ़ाकर 11 बजे कर दिया गया है, जो सुबह 5 बजे तक जारी रहेगा

अपडेटेड Feb 04, 2022 पर 1:20 PM
दिल्ली में जिम, स्कूल-कॉलेज और कोचिंग इंस्टीट्यूट खोले जाएंगे, हालांकि नाइट कर्फ्यू नही हटेगा

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली (Delhi) में कोरोना महामारी की स्थिति की समीक्षा के लिए शुक्रवार को हुई शीर्ष कोविड ​​​​-19 प्रबंधन निकाय दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (DDMA) की बैठक में दिल्ली के स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थान, जिम और स्पा को फिर से खोलने का फैसला किया गया है।

समाचार एजेंसी एएनआई ने बताया कि नाइट कर्फ्यू की अवधि में एक घंटे की कमी (रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक रहेगा) की गई है। बता दें कि दिल्ली में COVID19 का ग्राफ लगातार घटता नजर आ रहा है, जिसे देखते हुए DDMA ने ये फैसला लिया है।


दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने कहा कि कक्षा 9-12 के लिए 7 फरवरी से स्कूल फिर से खुलेंगे। जबकि नर्सरी से कक्षा 8 तक की कक्षाएं 14 फरवरी से फिर से खुलेंगी। हाइब्रिड कक्षाएं जारी रहेंगी। कॉलेज सोमवार, 7 फरवरी से फिर से खुलेंगे और उन्हें ऑनलाइन कक्षाओं को हतोत्साहित करने और ऑफ़लाइन कक्षाएं लेने के लिए कहा जाएगा।

सिसोदिया ने कहा कि सभी रेस्टोरेंट अब रात 11 बजे तक खुल सकेंगे। सभी सरकारी और निजी कार्यालयों को 100% क्षमता पर काम करने की अनुमति दी गई है। जिम और स्विमिंग पूल भी फिर से खुलेंगे।

इससे पहले 27 जनवरी को DDMA की बैठक के बाद दिल्ली में वीकेंड कर्फ्यू (Delhi Weekend Curfew) और दुकानों को खोलने के लिए लागू किए ऑड-ईवन सिस्टम को हटाने का फैसला किया गया था। उस समय कहा गया था कि डीडीएमए अगली बैठक में स्कूल खोलने के फैसले पर विचार करेगा।

DDMA ने बताया था कि शादियां अधिकतम 200 लोगों या 50 फीसदी क्षमता के साथ होंगी। दिल्ली सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी के सभी निजी कार्यालयों को कंटेनमेंट जोन के बाहर 50 प्रतिशत उपस्थिति के साथ कार्य करने की अनुमति दी थी।

हालांकि, डीडीएमए ने निजी कार्यालयों को ऑफिस टाइमिंग, उपस्थिति और कर्मचारियों की मात्रा को कम करने की सलाह दी थी। DDMA ने COVID-19 मामलों को रोकने के लिए शनिवार और रविवार को दिल्ली में कर्फ्यू लगाने का फैसला किया था। प्रतिबंधों में ढील देने का फैसला दिल्ली में कोविड-19 के मामलों की घटती संख्या को देखते हुए लिया गया है।

UP Assembly Election: पश्चिमी उत्तर प्रदेश के नतीजों का साफ संकेत दे रहे हैं टिकैत बंधु

कोविड-19 के मामलों में वृद्धि के मद्देनजर लगाया गया वीकेंड कर्फ्यू शुक्रवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह 5 बजे तक लागू था। राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना वायरस के एक्टिव मामलों में पिछले एक हफ्ते में 60 फीसदी से अधिक की कमी दर्ज की गई है।

पिछले कई दिनों से रोजाना मामलों की संख्या, संक्रमण दर और कई अन्य स्थितियों में सुधार देखा गया है, लेकिन पिछले कुछ हफ्ते से मृतकों की संख्या में खास कमी नहीं आई है। आंकड़ों के अनुसार, दो फरवरी को 4.73 फीसदी संक्रमण दर के साथ रोजाना मामलों की संख्या 3028 रह गई और मृतकों की संख्या 27 रही। उस दिन एक्टिव मरीजों की संख्या 14,870 रह गई जबकि मृतकों की कुल संख्या 25,919 हो गई।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।