दिल्ली में ऑल टाइम हाई 52.3 डिग्री तापमान के बीच हुई बारिश, अगले 24 घंटे में मानसून पहुंचेगा केरल

Weather Report: दिल्ली में गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिये हैं। दिल्ली में पहली बार तापमान 52.3 डिग्री पर पहुंच गया है। दिल्ली में भीषण गर्मी जारी है। राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 52.3 डिग्री तापमान दर्ज किया है

अपडेटेड May 29, 2024 पर 5:33 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
दिल्ली में पहली बार तापमान 52.3 डिग्री पर पहुंच गया है।

Weather Report: दिल्ली में गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिये हैं। दिल्ली में पहली बार तापमान 52.3 डिग्री पर पहुंच गया है। दिल्ली में भीषण गर्मी के बीच कुछ देर बारिश हुई। दिल्ली-एनसीआर में आंधी के साथ बारिश ने थोड़ी राहत दी। राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को अधिकतम तापमान 52.3 डिग्री  पहुंच गया था। राजधानी में पहली बार तापमान 52 डिग्री के लेवल को पार कर गया। राहत की बात है कि अगले 24 घंटे में मानसून केरल पहुंच सकता है।

दिल्ली के इलाकों में 50 डिग्री के करीब पहुंचा तापमान

मौसम कार्यालय के अनुसार दिल्ली में कम से कम तीन मौसम केंद्रों पर अधिकतम तापमान 52 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया है। मुंगेशपुर में 52.3 डिग्री तापमान रहा। नरेला में 49.9 डिग्री और नजफगढ़ में 49.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। यह इस मौसम में राजधानी में दर्ज किया गया सबसे अधिक तापमान था।


कब आएगा मानसून?

अगले 24 घंटे में केरल में मानसून दस्तक दे सकता है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 29 मई को कहा कि अगले 24 घंटों में मॉनसून केरल पहुंच सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक केरल में मॉनसून के लिए माहौल अनुकूल है।

दिल्ली में बढ़ी बिजली की मांग

डिस्कॉम अधिकारियों के मुताबिक दिल्ली की अधिकतम बिजली मांग 8302 मेगावाट है, जो दिल्ली के इतिहास में अब तक की सबसे अधिक है। दिल्ली में बिजली की मांग ने कुछ ही दिन पहले बने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। 22 मई को दिल्ली की अधिकतम बिजली मांग 8000 मेगावाट तक पहुंच गई थी। लगातार 12 दिनों में दिल्ली की अधिकतम बिजली मांग 2024 में 7000 मेगावाट को पार कर गई है।

 

इन राज्यों में चल रही है लू

आईए[मडी ने कहा कि राजस्थान, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली के अधिकांश हिस्सों, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश के कई हिस्सों और बिहार और हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में लू चलने की स्थिति बनी हुई है। इसमें कहा गया है कि विदर्भ के कई इलाकों, जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों और उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में लू की स्थिति भी बनी रही।

अभी नहीं मिलने वाली गर्मी से राहत

IMD ने कहा कि कम से कम अगले दो दिनों तक भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विज्ञानियों ने कहा कि बृहस्पतिवार को भारत के उत्तर-पश्चिम हिस्सों में एक नये पश्चिमी विक्षोभ की संभावना है, जिससे सप्ताहांत में क्षेत्र में छिटपुट बारिश हो सकती है। आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने मई में पश्चिमी विक्षोभ की अनुपस्थिति को उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में लू की स्थिति के लिए जिम्मेदार ठहराया। अगले कुछ दिनों में उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में अलग-अलग हिस्सों में रात में भी गर्मी का प्रकोप जारी रहने की संभावना है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।