दिल्ली में 7 महीनों के बाद सामने आए 2,000 से अधिक कोरोना के नए मामले, CM केजरीवाल बोले- डरने की जरूरत नहीं

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को कहा कि लोगों को डरने की जरूरत नहीं है

अपडेटेड Jan 02, 2022 पर 12:40 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
दिल्ली में कोरोना के रोज़ करीब 2,500 से 3,000 मामले आ रहे हैं

Covid-19 cases in Delhi: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को कोविड-19 के 2,716 नए मामले आए, जो 21 मई के बाद से एक दिन में आए सर्वाधिक मामले हैं और एक मरीज की मौत हुई, जबकि संक्रमण दर बढ़कर 3.64 प्रतिशत हो गई है। शनिवार को आए कोरोना वायरस के मामले एक दिन पहले आए संक्रमण के मामलों से 51 प्रतिशत अधिक हैं।

शहर के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को 1,796 और गुरुवार को 1,313 मामले आए तथा संक्रमण दर क्रमश: 1.73 प्रतिशत और 2.44 प्रतिशत दर्ज की गई। शनिवार को एक दिन में आए संक्रमण के मामले सात महीनों के बाद 2,000 का आंकड़ा पार कर गए और संक्रमण दर बढ़कर 3.64 प्रतिशत हो गई।

शनिवार को 2,716 नए मामले आए। यह 21 मई के बाद से एक दिन में आए सबसे अधिक मामले हैं। 21 मई को 3,009 मामले आए थे और संक्रमण दर 4.76 प्रतिशत दर्ज की गई थी, जबकि 252 मरीजों की मौत हो गई थी।


दिल्ली में कोरोना वायरस के नए ओमीक्रोन वेरिएंट के मामलों में वृद्धि के बीच पिछले कुछ दिनों से संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। शहर में इस महामारी से जान गंवाने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 25,108 हो गई है।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, बुधवार, मंगलवार और सोमवार को संक्रमण के दैनिक मामले क्रमश: 923, 496 और 331 रहे। शहर में पिछले साल दिसंबर में कोरोना वायरस से नौ लोगों की मौत हुई और नवंबर में सात मरीजों की मौत हुई थी। अक्टूबर में चार और सितंबर में पांच मरीजों की मौत हुई थी।

केजरीवाल बोले- लोगों को घबराने की जरूरत नहीं

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने रविवार को कहा कि लोगों को डरने की जरूरत नहीं है। दिल्ली में कोरोना के रोज करीब 2,500 से 3,000 मामले आ रहे हैं। अभी दिल्ली में कोरोना के 6,360 एक्टिव मामले हैं। कोरोना से जो लोग बीमार हो रहे हैं उन में से लगभग किसी को भी अस्पातल जाने की जरूरत नहीं पड़ रही है।

सीएम ने कहा कि दिल्ली सरकार ने 37,000 आक्सीजन बेड की व्यवस्था की है जिनमें से सिर्फ़ 82 बेड पर ही मरीज हैं और 6000 से ज़्यादा लोग दिल्ली में कोरोना से पीड़ित हैं। मैं आपको केवल यह बताना चाहता हूं कि सभी नए मामलों में हल्के लक्षण हैं इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।