उड्डयन नियामक नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने मुंबई हवाई अड्डे (Mumbai Airport) पर विमान से टर्मिनल पर जाने के दौरान 80 साल के बुजुर्ग के गिरने के मामले में एयर इंडिया (Air India) को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। आरोप है कि शख्स को व्हीलचेयर नहीं मिली थी और गिरने की वजह से उनकी बाद में मौत हो गई थी। DGCA ने एयर इंडिया से मामले में रिपोर्ट दाखिल करने को कहा है। DGCA ने शुक्रवार को बताया कि उसने नागरिक उड्डयन जरूरतों (CAR) के प्रासंगिक प्रावधानों का अनुपालन नहीं करने को लेकर एयर इंडिया को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। विमानन कंपनी को सात दिन में जवाब देने को कहा गया है।
रेगुलेटर ने घटना के मद्देनजर सभी विमानन कंपनियों को यह सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया है कि उन यात्रियों के लिए पर्याप्त संख्या में व्हीलचेयर उपलब्ध हों, जिन्हें अपनी यात्रा के दौरान विमान से चढ़ने या उतरने के दौरान सहायता की जरूरत होती है।
रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिकी पासपोर्ट वाले भारतीय मूल के बुजुर्ग व्यक्ति ने कथित तौर पर एयर इंडिया का टिकट लेते समय अपने और अपनी पत्नी के लिए व्हीलचेयर की सुविधा पहले से बुक कर ली थी। हालांकि, व्हीलचेयर की कमी के कारण, जोड़े के लिए एयरलाइन से केवल एक ही सहायक आया।
उस व्यक्ति की पत्नी कथित तौर पर व्हीलचेयर पर बैठी थी, उनके पति ने पैदल ही उनके पीछे-पीछे चलने का फैसला किया था।
TOI ने सूत्रों के हवाले से बताया “वह इमिग्रेश एरिया तक पहुंचने के लिए लगभग 1.5 Km पैदल चले होंगे, जहां दिल का दौरा पड़ने से वह अचानक गिर गए। उन्हें मुंबई हवाई अड्डे की मेडिकल फैसिलिटी में ले जाया गया और वहां से नानावती अस्पताल ले जाया गया।”
बुजुर्ग दंपत्ति ने एयर इंडिया की फ्लाइट AI-116 में इकोनॉमी क्लास में न्यूयॉर्क से मुंबई की यात्रा की थी, जो सोमवार को सुबह 11.30 बजे उतरने वाली थी, लेकिन इसमें दोपहर 2.10 बजे तक की देरी हो गई।
रिपोर्टों के अनुसार, एयर इंडिया की उड़ान में 32 व्हीलचेयर यात्री थे, लेकिन उनके साथ आने वाले कर्मचारियों में से केवल 15 व्हीलचेयर उनकी सहायता के लिए जमीन पर इंतजार कर रहे थे।