Bengal bandh: बंगाल में BJP का 12 घंटे का बंद का ऐलान, जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल जारी

Bengal Protest: कोलकाता में ट्रेनी डॉक्टर के रेप-मर्डर को लेकर मंगलवार यानी 27 अगस्त को छात्रों और राज्य कर्मचारी संगठनों का प्रदर्शन जारी है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 12 घंटे के लिए बंगाल में बंद का ऐलान किया है। बीजेपी राज्य की सीएम ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग कर रही है

अपडेटेड Aug 28, 2024 पर 10:06 AM
Bengal Protest: कोलकाता रेप मर्डर मामले में बवाल बढ़ता जा रहा है। आज फिर बंगाल दिन भर के लिए बंद रहेगा।

कोलकाता में महिला ट्रेनी डॉक्टर के साथ रेप और हत्या के मामले की चिंगारी बढ़ती जा रही है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने आज (28 अगस्त) को पश्चिम बंगाल में 12 घंटे का बंद बुलाया है। राजधानी कोलकाता में मंगलवार (27 अगस्त) को रेप-मर्डर मामले को लेकर प्रदर्शनकारियों ने राज्य सचिवालय मार्च करने की कोशिश की थी। इस दौरान उनकी पुलिस से झड़प हो गई और फिर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इसके साथ ही पानी की बौछारों का सहारा लिया। बीजेपी ने पुलिस की कार्रवाई के विरोध में 28 अगस्त को पश्चिम बंगाल में 12 घंटे के बंद का ऐलान किया है। इसके साथ ही राज्य की सीएम ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग की है।

बीजेपी का कहना है कि राज्य कानून-व्यवस्था की हालत बेहद खस्ता है। लिहाजा ममता बनर्जी को इस्तीफा देना चाहिए। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा कि हमें सुबह से लेकर शाम तक हड़ताल करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, क्योंकि यह निरंकुश सरकार लोगों की आवाज नहीं सुन रही है। लोग मृत डॉक्टर के लिए न्याय मांग रहे हैं। न्याय के बजाय, ममता बनर्जी की पुलिस राज्य के शांतिप्रिय लोगों के साथ बर्बर व्यवहार कर रही है, जो केवल महिलाओं के लिए सुरक्षित माहौल चाहते हैं। मजूमदार ने बताया कि 29 तारीख को कोलकाता के एस्प्लेनेड इलाके में धरना भी दिया जाएगा।

सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक बंद


यह बंद सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा। इस बंद को नबन्ना मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के विरोध में बुलाया गया है। लेकिन ममता बनर्जी का दो टूक कहना है कि बुधवार को कोई बंद नहीं रहेगा। सरकारी कर्मचारियों के ऑफिस नहीं पहुंचने पर उनके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा। वहीं, नबन्ना प्रोटेस्ट के बीज आज जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल भी है। कोलकाता रेप-मर्डर मामले को लेकर पश्चिम बंगाल में बवाल अपने चरम पर है। आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में महिला डॉक्टर के साथ हुई दरिंदगी को लेकर ममता सरकार बुरी तरह घिर चुकी है। फिलहाल सीबीआई कोलकाता मामले की जांच कर रही है और आरोपी संजय रॉय का पॉलीग्राफ टेस्ट भी हो चुका है।

नॉर्थ 24 परगना में रोकी गई ट्रेन

बंगाल बंद के समर्थन में बीजेपी कार्यकर्ता सड़कों पर उतर गए हैं। इस बीच बीजेपी विधायक अशोक कीर्तनिया की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने नॉर्थ 24 परगना के बनगांव स्टेशन पर ट्रेन रोक दी है। बड़ी संख्या में वहां बीजेपी कार्यकर्ता मौजूद हैं।

पुलिस ने SC के आदेशों को किया अमान्य- अग्निमित्रा पॉल

बीजेपी नेता अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि वे (पुलिस) घिनौने रवैये के साथ घूम रहे हैं। पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट के आदेशों को अमान्य कर दिया है। उन्होंने प्रदर्शनकारियों पर केमिकल मिले हुए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। वे राज्य की महिलाओं को सुरक्षा नहीं कर पा रहे हैं। ऐसे में जब महिलाएं विरोध करती हैं, तो वे उन्हें तितर-बितर करने के लिए बल प्रयोग करते हैं। हम विरोध जारी रखेंगे।

Kolkata Protest: छात्रों पर लाठीचार्ज से नाराज BJP ने 28 अगस्त को 'बंगाल बंद' का किया ऐलान, सीएम ममता बनर्जी को बताया 'तानाशाह

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।