पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू (Navjot singh Sidhu) की पत्नी नवजोत कौर (Navjot kaur) ने शुक्रवार को कहा कि वह सुमन तूर (Suman Toor) को नहीं जानती है। बता दें कि सुमन तूर, नवजोत सिंह सिद्धू की बहन हैं और उन्होंने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सिद्धू पर कई सनसनीखेज आरोप लगाए। सुमन तूर ने यह आरोप ऐसे समय में लगाए हैं, जब पंजाब में विधानसभा चुनाव (Punjab Election 2022) हो रहे हैं और नवजोत सिंह सिद्धू राज्य की सत्ताधारी पार्टी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हैं।
नवजोत कौर से जब मीडिया ने सुमन तूर के आरोपों के बारे में पूछा, तो उन्होंने कहा, "मैं उन्हें नहीं जानती हूं। उनके पिता की पहली पत्नी से दो बेटियां रही हैं। मैं उनसे कभी नहीं मिली हूं, न उन्हें जानती हूं।"
इससे पहले अमेरिका से चंड़ीगढ़ आई सुमन तूर ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपने परिवार से जुड़े कई हैरान करने वाले दावे किए। उन्होंने नवजोत सिंह सिद्धू को एक क्रूर व्यक्ति बताते हुए दावा किया कि सिद्धू ने 1986 में उनके पिता के निधन के तुरंत बाद उनकी मां और बड़ी बहन को उनके घर से निकाल दिया गया था। सुमन तूर ने यह भी दावा किया कि उनकी मां की मृत्यु 1986 में दिल्ली रेलवे स्टेशन पर एक लावारिस महिला के रूप में हुई थी।
सुमन ने आरोप लगाया कि 1986 में उनके पिता की मृत्यु के बाद सिद्धू ने उनकी मां और बड़ी बहन को प्रताड़ित किया और उन्हें घर से निकाल दिया। सिद्धू ने इससे पहले एक-दो मौके पर मीडिया से बात करते हुए बताया था कि जब वह दो साल के थे, तभी उनके पिता क्रिकेटर बलवंत सिद्धू और मां कानूनी तौर से अलग हो गए थे।
सुमन ने सिद्धू पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह उनके झूठ बोलने की आदत है। सुमन तूर ने बताया कि उन्हें सिद्धू के किए अत्याचारों का पता उनकी बड़ी बहन की बेटी से चला, जिसे सिद्धू ने उनकी मां के साथ घर से निकाल दिया था। सुमन ने बताया कि उनकी बड़ी बहन की मौत हो चुकी है। सुमन तूर ने कहा कि वो 1990 में अमेरिका चली गई थीं।
खबर लिखे जाने तक नवजोत सिंह सिद्धू की इन आरोपों पर प्रतिक्रिया नहीं आई थी।