Economic Survey 2025: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी 2025 को वित्त वर्ष 2025-26 का आम बजट संसद में पेश करेंगी। इसमें सरकार आने वाले साल की योजनाओं और उनके लिए किए जाने वाले खर्च का ब्यौरा देती है। लेकिन बजट से पहले 31 जनवरी को सरकार इकोनॉमिक सर्वे (आर्थिक सर्वेक्षण) भी पेश करती है। इस इकोनॉमिक सर्वे से पिछले वित्त वर्ष में देश की इकोनॉमिक परफॉर्मेंस का आकलन किया जाता है।
इकोनॉमिक सर्वे सरकार के लिए एक परफॉर्मेंस सर्टिफिकेट जैसा होता है जो यह दिखाता है कि पिछले बजट के फैसलों का देश की इकोनॉमी पर क्या असर पड़ा। यह सिर्फ सरकार की नहीं बल्कि पूरे देश की इकोनॉमी की भी परफॉर्मेंस रिपोर्ट होती है। आइए जानते हैं क्या होता है इकोनॉमिक सर्वे और बजट से पहले यह इतना जरूरी डाक्यूमेंट्स क्यों होता है।
कब पेश हुआ था पहला इकोनॉमिक सर्वे
बता दें कि साल 1950-51 में देश का पहला इकोनॉमिक सर्वे पेश किया गया था। साल 2014-15 से पहले इकोनॉमिक सर्वे एक वॉल्यूम में आता था। लेकिन उसके बाद से इसे दो वॉल्यूम में पेश किया जाने लगा। फर्स्ट वॉल्यूम में इकोनॉमी की चुनौतियों पर फोकस रहता है, जबकि दूसरे वॉल्यूम में देश की इकोनॉमी के सभी बड़े सेक्टर्स की समीक्षा होती है। इकोनॉमिक सर्वे हमेशा बजट से एक दिन पहले पेश किया जाता है, लेकिन 1964 तक यह बजट के साथ ही पेश किया जाता था।
क्यों पेश होता है इकोनॉमिक सर्वे
इकोनॉमिक सर्वे में देश की आर्थिक स्थिति का पूरा हिसाब होता है, इसलिए यह पेश करना जरूरी है। इसमें पिछले साल का काम, कृषि और उद्योग का उत्पादन, रोजगार, जीडीपी, मुद्रा की आपूर्ति, कीमतें, आयात-निर्यात, विदेशी मुद्रा भंडार, बजट घाटा और महंगाई जैसी चीजों का विवरण दिया जाता है इसके साथ ही इससे जुड़े सजेशन भी होते हैं। इसके जरिए हमें पता चलता है कि देश को आर्थिक रूप से कहां फायदा हुआ है और कहां नुकसान हुआ है। इसके साथ ही यह समझने में मदद मिलती है कि देश की आर्थिक स्थिति कैसी है और भविष्य में सुधार के लिए हमें क्या कदम उठाने की जरूरत है।
कौन बनाता है इकोनॉमिक सर्वे
वित्त मंत्रालय के डिपार्टमेंट इकोनॉमिक अफेयर्स के इकोनॉमिक डिवीजन के प्रमुख, यानी चीफ इकोनॉमिक एडवाइजर (CEA), के नेतृत्व में इकोनॉमिक सर्वे तैयार किया जाता है। वर्तमान में वी. अनंत नागेश्वरन मुख्य आर्थिक सलाहकार (CEA) हैं। इकोनॉमिक सर्वे को आप संसद टीवी और PIB इंडिया चैनल पर लाइव स्ट्रीमिंग देख सकते हैं।