आज के समय में आधार कार्ड (Aadhaar card) बेहद जरूरी दस्तावेज बन गया है। बैंक अकाउंट से लेकर पैन कार्ड तक इससे लिंक करवाना जरूरी हो गया है। कोई भी सरकारी योजना का लाभ आप बिना आधार कार्ड के नहीं उठा सकते। आधार कार्ड नवजात बच्चे से लेकर बुजुर्ग व्यक्ति तक का बनवाया जा सकता है। हॉस्पिटल में बच्चों के इलाज से लेकर स्कूल में एडमिशन तक में इसकी जरूरत पड़ती है। ऐसे में अगर आपने अपने बच्चे का आधार कार्ड बनवाना है तो नए नियम जान लें।
अब पांच साल कम उम्र के बच्चों के लिए फिंगर प्रिंट और आई स्कैन नहीं किया जाएगा, लेकिन जब वे पांच साल की उम्र से ज्यादा के हो जाएंगे तो बायोमेट्रिक अपडेट करना अनिवार्य होगा।
आधार कार्ड बनवाने के लिए जरूरी दस्तावेज
अगर आपका बच्चा 5 साल से कम उम्र का है तो आपको आधार बनवाने के लिए बच्चे के बर्थ सर्टिफिकेट की जरूरत होगी। अगर बर्थ सर्टिफिकेट नहीं है तो बच्चे के माता पिता में से भी किसी एक के आधार कार्ड से काम हो जाएगा। अगर माता पिता के पास आधार कार्ड नहीं है तो ऐसी स्थिति में आवेदन रद्द कर दिया जाता है। 5 साल से कम उम्र के बच्चों की बायोमेट्रिक जानकारी नहीं ली जाती है। ऐसे आवेदनकर्ताओं की सिर्फ फोटो ही काफी है। लेकिन, जब बच्चे की उम्र 5 साल से अधिक हो जाती है तो बायोमेट्रिक रिकॉर्ड अपडेट कराना होता है। इसमें बच्चों की दसों उंगलियों की फिंगरप्रिंट, रेटिना स्कैन और फोटोग्राफ देनी अनिवार्य है। 15 साल बाद इसे फिर से एक बार अपडेट कराना होता है। अगर बच्चा पांच साल से अधिक का है तो इसके लिए आपको जन्म प्रमाण पत्र की कॉपी, स्कूल का पहचान पत्र और ग्राम प्रधान का लेटर भी चाहिए। स्कूल का आईडी नहीं होने पर स्कूल के लेटर हेड पर लिखित रूप से घोषणा पत्र जमा करवाना होता है। आधार कार्ड के लिए आवेदन करने से पहले ये सभी डॉक्युमेंट्स जुटा लें।
बच्चे का आधार कार्ड बनवाने के लिए अपने नजदीकी पोस्ट ऑफिस या आधार सेवा केंद्र पर जाएं और एनरॉलमेंट फॉर्म भरें।
एनरॉलमेंट फॉर्म में एड्रेस प्रुफ के लिए माता पिता का आधार नंबर और उस पर अंकित एड्रेस भरें।
बच्चे का बर्थ सर्टिफिकेट सबमिट करें। सभी जरूरी डॉक्युमेंट्स के साथ यह फॉर्म सबमिट करना होगा, इसके बाद बच्चे की फोटो ली जाएगी।
बच्चा अगर पांच साल से अधिक का है तो फॉर्म जमा करने के बाद बच्चे का बायोमेट्रिक रिकॉर्ड रिकॉर्ड किया जाएगा। अगर बच्चा 5 साल से कम का है तो फोटोग्राफ ही काफी है।
जब यह प्रक्रिया पूरी हो जाएगी तब एक एनरॉलमेंट स्लिप जेनरेट कर आपको दिया जाएगा। इस पर एनरॉलमेंट आईडी, नंबर और तारीख दर्ज होगी।
इस एनरॉलमेंट आईडी की मदद से आप आधार कार्ड का स्टेटस चेक कर सकेंगे।
आधार एनरॉलमेंट के 90 दिनों के अंदर आधार कार्ड आवेदनकर्ता के घर पर पोस्ट से भेजा जाता है।
ऑनलाइन आधार कार्ड डाउनलोड करने के लिए UIDAI की बेवसाइट uidai.gov.in पर जाकर एनरॉलमेंट नंबर, डेट और टाइम एंटर करें। आवेदन करने के 25 30 बाद आधार कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।