दिसंबर 2022 में बढ़ी सरकार की कमाई, GST कलेक्शन 15% बढ़कर 1.49 लाख करोड़ पर पहुंचा

GST Collection: पिछले महीने सरकार का जीएसटी कलेक्शन 1.49 लाख करोड़ रुपये रहा। यह आंकड़ा पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 15 फीसदी अधिक है। नवंबर में टैक्स कलेक्शन लगभग 1.46 लाख करोड़ रुपये था, जो एक साल पहले की अवधि से 11 प्रतिशत अधिक था

अपडेटेड Jan 01, 2023 पर 5:23 PM
Story continues below Advertisement
दिसंबर 2022 में भारत सरकार के GST कलेक्शन में इजाफा हुआ है।

GST Collection in December 2022: दिसंबर 2022 में भारत सरकार के GST कलेक्शन में इजाफा हुआ है। वित्त मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले महीने सरकार का जीएसटी कलेक्शन 1.49 लाख करोड़ रुपये रहा। यह आंकड़ा पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 15 फीसदी अधिक है। नवंबर में टैक्स कलेक्शन लगभग 1.46 लाख करोड़ रुपये था, जो एक साल पहले की अवधि से 11 प्रतिशत अधिक था। बता दें कि अप्रैल में कलेक्शन ने लगभग 1.68 लाख करोड़ रुपये के रिकॉर्ड हाई लेवल को छू लिया था। दूसरा सबसे ज्यादा कलेक्शन अक्टूबर में 1.52 लाख करोड़ रुपए रहा।

टैक्स कलेक्शन से जुड़े आंकड़े

दिसंबर 2022 के दौरान ग्रॉस GST रेवेन्यू 1,49,507 करोड़ रुपये है, जिसमें सीजीएसटी 26,711 करोड़ रुपये, एसजीएसटी 33,357 करोड़ रुपये, आईजीएसटी 78,434 करोड़ रुपये (माल के आयात पर कलेक्ट 40,263 करोड़ रुपये सहित) और सेस 11,005 करोड़ रुपये (माल के आयात पर एकत्र ₹850 करोड़ सहित) शामिल है। इसके अलावा, मासिक GST रेवेन्यू लगातार 10 महीनों के लिए 1.4 लाख करोड़ रुपये से अधिक है.


सरकार ने रेगुलर सेटलमेंट के रूप में IGST से CGST में 36,669 करोड़ रुपये और SGST में 31,094 करोड़ रुपये का निपटान किया है। दिसंबर 2022 के महीने में रेगुलर सेटलमेंट के बाद केंद्र और राज्यों का कुल राजस्व CGST के लिए 63,380 करोड़ रुपये और SGST के लिए 64,451 करोड़ रुपये है।

दिसंबर 2022 के महीने का राजस्व पिछले साल इसी महीने में जीएसटी राजस्व से 15% अधिक है। महीने के दौरान, माल के आयात से राजस्व 8% अधिक था और डोमेस्टिक ट्रांजेक्शन (सेवाओं के आयात सहित) से राजस्व पिछले साल इसी महीने के दौरान इन स्रोतों से राजस्व की तुलना में 18% अधिक है। नवंबर, 2022 के महीने के दौरान 7.9 करोड़ ई-वे बिल जनरेट किए गए, जो अक्टूबर, 2022 में जनरेट किए गए 7.6 करोड़ ई-वे बिलों से काफी अधिक थे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।