GST Collections : मई में जीएसटी कलेक्शन में 12% का उछाल, 1.57 लाख करोड़ रुपये पर पहुंचा आंकड़ा

मई महीने का GST Collections का आंकड़ा पिछले महीने यानी अप्रैल से कम है। अप्रैल में सरकार के खजाने में 1.87 करोड़ रुपये आए थे, जिसने अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। हालांकि, सरकार ने लगातार 14वें महीने 1.4 लाख करोड़ रुपये से अधिक जीएसटी वसूला है

अपडेटेड Jun 01, 2023 पर 6:38 PM
Story continues below Advertisement
मई महीने में भारत सरकार का गुड्स एंड सर्विस टैक्स (GST) कलेक्शन सालाना आधार पर 12 फीसदी बढ़ा है।

GST Collections : मई महीने में भारत सरकार का गुड्स एंड सर्विस टैक्स (GST) कलेक्शन सालाना आधार पर 12 फीसदी बढ़ा है और यह 1.57 लाख करोड़ रुपये हो गया है। मई 2022 में जीएसटी संग्रह 1.41 लाख करोड़ रुपये रहा था। वित्त मंत्रालय ने आज गुरुवार को ये आंकड़े जारी किए हैं। हालांकि, यह आंकड़ा पिछले महीने यानी अप्रैल के जीएसटी कलेक्शन से कम है। अप्रैल में सरकार के खजाने में 1.87 करोड़ रुपये आए थे, जिसने अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। सरकार ने मई में लगातार 14वें महीने 1.4 लाख करोड़ रुपये से अधिक जीएसटी वसूला है।

GST कलेक्शन से जुड़े आंकड़े

मंत्रालय ने बताया कि मई में ग्रॉस जीएसटी रेवेन्यू 1,57,090 करोड़ रुपये रहा। इसमें सेंट्रल जीएसटी 28,411 करोड़ रुपये, स्टेट जीएसटी 35,828 करोड़ रुपये और इंटीग्रेटेड जीएसटी 81,363 करोड़ रुपये (वस्तुओं के आयात पर जुटाए गए 41,772 करोड़ रुपये सहित) और सेस 11,489 करोड़ रुपये (माल आयात पर जुटाए गए 1,057 करोड़ रुपये सहित) रहा है।


मंत्रालय ने बयान में कहा, “मई, 2023 में राजस्व पिछले वर्ष इसी महीने के जीएसटी रेवेन्यू कलेक्शन से 12 फीसदी ज्यादा है।” इस दौरान वस्तुओं के आयात पर राजस्व पिछले वर्ष के समान महीने की तुलना में 12 प्रतिशत ज्यादा रहा है और घरेलू लेनदेन पर राजस्व (सेवाओं के आयात समेत) 11 प्रतिशत ज्यादा रहा है। 2023-24 के बजट के अनुसार केंद्र को उम्मीद है कि मौजूदा वित्त वर्ष में उसके जीएसटी कलेक्शन में 12 फीसदी की वृद्धि होगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।