India GDP: तीसरी तिमाही में 5.4% रही देश की जीडीपी, पिछली दो तिमाहियों से धीमी हुई आर्थिक ग्रोथ

India's GDP Growth: भारत की जीडीपी मौजूदा वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में 5.4 फीसदी की दर से बढ़ी है

अपडेटेड Feb 28, 2022 पर 6:39 PM
India GDP: अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में भारतीय अर्थव्यवस्था 5.4% की दर से बढ़ी है

India GDP: भारत की जीडीपी (GDP) मौजूदा वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही (GDP Data for Q3) में 5.4 फीसदी की दर से बढ़ी है। भारत सरकार ने सोमवार को जीडीपी यानी ग्रॉस डोमेस्टिक प्रोडक्ट (GDP) के आधिकारिक आंकड़े जारी किए गए, जिसमें यह जानकारी दी गई। सरकार ने बताया कि अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में भारतीय अर्थव्यवस्था 5.4 फीसदी की दर से बढ़ी है। हालांकि पिछले दो तिमाहियों की तुलना में इस तिमाही में जीडीपी की ग्रोथ रेट धीमी रही है।

मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही में लो-बेस इफेक्ट के कारण जीडीपी ग्रोथ रेट 20.3 फीसदी रही थी। वहीं दूसरी तिमाही में जीडीपी ग्रोथ रेट 8.5 फीसदी थी। ऐसे में यह कहा जा सकता है तीसरी तिमाही में जीडीपी ग्रोथ रेट बाकी दो तिमाहियों की तुलना में धीमी रही है।

नेशनल स्टैटिस्टिकल ऑफिस (NSO) के दूसरे अग्रिम अनुमान के मुताबिक, वित्त वर्ष 2021-22 में भारत की जीडीपी ग्रोथ रेट 8.9 फीसदी रहने का अनुमान है। इससे पहले जनवरी में जारी पहले अग्रिम अनुमान में जीडीपी ग्रोथ रेट के 9.2 फीसदी रहने की संभावना जताई गई थी। बता दें इसके पिछले वित्त वर्ष 2020-21 में कोरोना महामारी के कारण जीडीपी में 6.6 प्रतिशत की गिरावट देखी गई थी।


यह भी पढ़ें- Fiscal Deficit : अप्रैल-जनवरी में फिस्कल डेफिसिट बढ़कर FY22 के टार्गेट का 58.9% हुआ

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने हालिया मॉनिटरी पॉलिसी में, मौजूदा वित्त वर्ष के लिए भारत की जीडीपी ग्रोथ रेट 9.2% और अगले वित्त वर्ष में 7.8 फीसदी रहने का अनुमान जताया है। RBI गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा कि कोरोना महामारी की तीसरी लहर के कारण आर्थिक ग्रोथ में कुछ कमी आई, जिसके चलते अक्टूबर दिसंबर तिमाही में जीडीपी ग्रोथ रेट पर भी पड़ा है।

बता दें कि चीन की जीडीपी ग्रोथ रेट अक्टूबर-दिसंबर, 2021 तिमाही में सिर्फ 4 फीसदी रही है। भारत चीन और जापान के बाद एशिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। वहीं वैश्विक स्तर पर भारत दुनिया की छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।