टमाटर बना 'नया पेट्रोल': दिल्ली में 100 रुपये और चेन्नई में 140 रुपये पहुंचे टमाटर के दाम, बेमौसम बारिश ने बढ़ाई किल्लत

दक्षिण भारत के अधिकतर राज्यों में टमाटर 100 रुपये प्रति किलो से अधिक के दाम पर बिक रहा है

अपडेटेड Nov 23, 2021 पर 7:31 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Tomato price

पेट्रोल और डीजल के बाद अब टमाटर की कीमतें (Tomato price) भी देश के कई हिस्सों में 100 रुपये के पार चली गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बेमौसम बारिश के चलते दिल्ली, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में टमाटर की कीमतों में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली की गाजीपुर मंडी में टमाटर की खुदरा कीमतें 100 रुपये को छू गई हैं।

दक्षिण भारत में भी आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तमिलनाडु में कई जगहों पर बारिश और फिर बाढ़ आने के चलते टमाटर की कीमतों में तेजी आई है। दक्षिण भारत के अधिकतर राज्यों में टमाटर 100 रुपये प्रति किलो से अधिक के दाम पर बिक रहा है।

एक मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चेन्नई में इसका सबसे बुरा असर पड़ा है, जहां टमाटर हर जगह से अधिक 140 रुपये में बिक रहा है। यह भी ध्यान देने वाली बात है कि सर्दियों के सीजन में टमाटर आमतौर पर 20 रुपये किलो के भाव पर मिलते रहे हैं।


रिपोर्ट्स के मुताबिक, बेमौसम बारिश के चलते मंडियों में पर्याप्त मात्रा में सब्जियां नहीं आ पा रही है, इसके लिए इनके दाम में तेज बढ़ोतरी देखी जा रही है। टमाटर के अलावा शिमला मिर्च और प्याज की कीमतों में भी इजाफा हुआ है।

आंध्र प्रदेश देश में टमाटर का सबसे बड़ा उत्पादक राज्य है, लेकिन यहां भी टमाटर का भाव 100 रुपये पहुंच गया और आने वाले समय में अभी इसके और बढ़ने की संभावना है। इसके पीछे कारण यह है कि टमाटर की खेती वाले जो बड़े इलाके है, वह बारिश के बाद आए बाढ़ से डूब गए हैं। साथ ही डीजल की कीमत बढ़ने से इन सब्जियों को ट्रांसपोर्ट जरिए मंडी में लाने की लागत भी बढ़ी है।

आमतौर पर आंध्र प्रदेश में 58,000 हेक्टेयर में टमाटर बोया जाता है और राज्य में करीब 26.67 लाख मैट्रिक टन टमाटर उगाया जाता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।